अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का लखनऊ में निधन : 38 साल की उम्र में ली अंतिम सांस, राजनीति से दूर रहकर संभाला था बिजनेस
लखनऊ, 13 मई। समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का बुधवार सुबह लखनऊ में दुखद निधन हो गया। वे महज 38 वर्ष के थे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे उन्हें बेहद गंभीर हालत में लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल, उनकी अचानक हुई मौत की स्पष्ट वजह सामने नहीं आ सकी है।
पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, पिछले महीने 30 अप्रैल को भी प्रतीक यादव की तबीयत बिगड़ी थी, जिसके बाद उन्हें लखनऊ के एक बड़े अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 3 दिन इलाज के बाद राहत मिलने पर वे बिना औपचारिक छुट्टी (LAMA) के वापस अपने घर लौट आए थे। उनके इस असामयिक निधन से यादव परिवार और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्रतीक ने राजनीति से बनाई थी दूरी
प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। जहाँ पूरा यादव कुनबा सक्रिय राजनीति में देश और प्रदेश के बड़े पदों पर काबिज है, वहीं प्रतीक ने खुद को हमेशा सियासत की चकाचौंध से दूर रखा।
लंदन से शिक्षा: प्रतीक ने ब्रिटेन की मशहूर ‘लीड्स यूनिवर्सिटी’ से अपनी उच्च शिक्षा पूरी की थी।
रियल एस्टेट और फिटनेस बिजनेस: वे लखनऊ के एक बड़े रियल एस्टेट कारोबारी थे और गोमती नगर इलाके में ‘द फिटनेस प्लानेट’ नाम से एक हाई-टेक जिम के मालिक थे।
पशु प्रेमी: प्रतीक को बेजुबान जानवरों से गहरा लगाव था। वे ‘जीव आश्रय’ नाम की एक गैर-सरकारी संस्था (NGO) चलाते थे, जो लखनऊ और आसपास के इलाकों में बीमार व लावारिस स्ट्रीट डॉग्स का इलाज, रेस्क्यू और भोजन की व्यवस्था करती है।
14 साल पहले अपर्णा यादव से की थी हाई-प्रोफाइल लव-मैरिज
प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव उत्तर प्रदेश की जानी-मानी राजनीतिज्ञ हैं। अपर्णा वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की वरिष्ठ नेता हैं और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं। प्रतीक और अपर्णा की लव स्टोरी साल 2001 में एक स्कूल फ्रेंड की बर्थडे पार्टी से शुरू हुई थी, जिसके बाद दोनों में ई-मेल के जरिए लंबी बातचीत का सिलसिला चला। इसके बाद 4 दिसंबर 2011 को दोनों ने मुलायम सिंह यादव के पैतृक गांव सैफई (इटावा) में बेहद धूमधाम से शादी की थी। इस हाई-प्रोफाइल शादी में सदी के महानायक अमिताभ बच्चन, कई राज्यों के मुख्यमंत्री और देश की बड़ी-बड़ी हस्तियां शामिल हुई थीं। प्रतीक और अपर्णा की दो बेटियां हैं।
महंगी कारों के शौक वाले प्रतीक यादव थे फिटनेस फ्रीक
बताया जाता है कि प्रतीक यादव, नियमित तौर पर वेट ट्रेनिंग, स्ट्रेंथ एक्सरसाइज और कार्डियो करते थे। बॉडी बिल्डिंग के शौकीन प्रतीक, लखनऊ में अपना जिम भी चलाते थे। जिम के सिवा, प्रतीक यादव को लग्जरी गाड़ियों और कार रेसिंग का भी शौक था। स्पीड और एडवेंचर को वह काफी पसंद करते थे। प्रतीक यादव कई बार हाई-परफॉर्मेंस कारों के साथ नजर आए। वह कई मौकों पर ट्रैक पर हाई स्पीड कार में सवार होकर अपनी ड्राइविंग स्किल्स को आजमाते दिखे। प्रतीक के पास लैम्बॉर्गिनी कार भी थी, जिसकी कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई जाती थी।
