नई दिल्ली, 22 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को विपक्षी दलों पर प्रहार करते हुए कहा कि जहां एक ओर दुनिया एक ‘नयी व्यवस्था’ की तलाश कर रही है, वहीं कुछ लोग भारत में ‘अव्यवस्था’ का सपना देख रहे हैं। पीएम मोदी ने ‘एनडीटीवी वर्ल्ड समिट’ को संबोधित करते हुए यह विपक्षी दलों पर निशाना साधा।
श्रीहरिकोटा से एक वर्ष में उतने रॉकेट लॉन्च नहीं होते, जितनी बार…
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर सीधा हमला करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि श्रीहरिकोटा से एक वर्ष में उतने रॉकेट लॉन्च नहीं होते, जितनी बार कांग्रेस अपने नेता को ‘लॉन्च’ करने की असफल कोशिशें करती है। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, ‘अपने परिवार को विफलता के कलंक से बचाने के लिए, कांग्रेस भारत की उपलब्धियों पर ही सवाल उठा रही है। अंगूर खट्टे हैं वाली स्थिति है, और अब कांग्रेस उस बेल को ही काटने की कोशिश कर रही है। यह परिवार अब कांग्रेस पार्टी पर ही बोझ बन गया है।’
‘ग्लोबल साउथ’ की आवाज को उचित स्थान देने के लिए बहुपक्षीय संस्थाओं में सुधार जरूरी
प्रधानमंत्री ने कहा कि विश्व व्यवस्था बदल रही है और ‘ग्लोबल साउथ’ की आवाज को उचित स्थान देने के लिए बहुपक्षीय संस्थाओं में सुधार जरूरी है। उन्होंने कहा, ‘हमें यह समझना होगा कि विश्व व्यवस्था क्यों बदल रही है और पुरानी व्यवस्था उभरती चुनौतियों का समाधान क्यों नहीं कर पाई है।’
उन्होंने कहा, ‘आज जब दुनिया की पुरानी व्यवस्था बदल रही है, तो हमें मिलकर यह सोचना होगा कि किस तरह की नई विश्व व्यवस्था बनानी है? बहुपक्षीय संस्थाओं में सुधार जरूरी है। ग्लोबल साउथ की आवाज को उचित स्थान देना भी आवश्यक है।’
संकट के समय भी प्रभावी बने रहने चाहिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय सहयोग केवल अच्छे समय तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि संकट के समय भी प्रभावी बने रहना चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित पक्षों के बीच प्रभावी सहमति जरूरी है। उन्होंने कहा, ‘आजकल हर कोई नई विश्व व्यवस्था की चर्चा कर रहा है क्योंकि इसका असर रोजमर्रा की जिंदगी में महसूस किया जा रहा है।’
‘ये लोग भारत की साख को मिट्टी में मिलाने पर तुले हुए हैं’
प्रधानमंत्री ने कहा कि जहां दुनिया ‘नयी व्यवस्था’ की तलाश कर रही है, वहीं कुछ लोग भारत में ‘अव्यवस्था’ का सपना देख रहे हैं। आज, जब दुनिया में इतनी उथल-पुथल मची है, तब एक मजबूत भारत की छवि दुनिया के सामने आनी चाहिए। लेकिन ये लोग भारत की साख को मिट्टी में मिलाने पर तुले हुए हैं। ये लोग विदेश जाकर भारत को बदनाम करते हैं। वे विदेशियों से दखल देने की गुहार लगाते हैं।
‘यह परिवार अब कांग्रेस पार्टी पर ही बोझ बन गया है’
पीएम मोदी ने कहा, “कोई नहीं जानता कि कांग्रेस अपने ‘असफल हो चुके उत्पाद’ को ‘लॉन्च’ करने के लिए देश को और कितने समय तक दांव पर लगाए रखेगी। दरअसल, कांग्रेस का यह परिवार अब अपनी ही पार्टी पर बोझ बन गया है।” उन्होंने दावा किया कि विपक्षी दल के वरिष्ठ नेता भी निजी बातचीत में यह बात स्वीकार करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के रवैये के कारण, सरकार के उन ईमानदार आलोचकों की आवाज दब जाती है, जो देश और लोकतंत्र का भला चाहते हैं।
‘कांग्रेस एक परजीवी की तरह है, जो नहीं चाहती कि कोई और आगे बढ़े’
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया, “कांग्रेस एक परजीवी की तरह है, जो नहीं चाहती कि कोई और आगे बढ़े। कांग्रेस पर ‘दिमागी नक्सलियों’ का कब्जा है और वह खुद से कुछ सोच ही नहीं पाती। जो लोग पहले जंगलों में तबाही मचाते थे, वे अब कांग्रेस में हैं और देश को बर्बाद करने पर तुले हुए हैं।”


