पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों में ‘महासंग्राम’ का फैसला आज : वोटों की गिनती शुरू, दांव पर दिग्गजों की प्रतिष्ठा
नई दिल्ली, 4 मई। देश के पांच राज्यों-पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी—के विधानसभा चुनावों के बहुप्रतीक्षित नतीजे आज सामने आ रहे हैं। सोमवार सुबह 8:00 बजे से मतगणना की प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गई है। निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार, सबसे पहले डाक मत पत्रों (Postal Ballots) की गिनती की जा रही है, जिसके तुरंत बाद सुबह 8:30 बजे से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के पिटारे खुलेंगे और चुनावी हार-जीत की तस्वीर साफ होने लगेगी।
चुनाव परिणाम देखने के लिए यहां क्लिक करें
आज कुल 823 विधानसभा सीटों के परिणाम घोषित किए जाएंगे। इनमें पश्चिम बंगाल की 293, तमिलनाडु की 234, केरल की 140, असम की 126 और पुडुचेरी की 30 सीटें शामिल हैं। पश्चिम बंगाल में कुल 294 सीटें हैं, लेकिन ‘फ़ाल्टा’ विधानसभा सीट पर 21 मई को दोबारा मतदान होना है, जिसके चलते आज वहां 293 सीटों पर ही मतगणना हो रही है।
दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर
इन चुनावों में कई राजनीतिक दिग्गजों की साख दांव पर लगी है। पश्चिम बंगाल में जहां ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर है, वहीं तमिलनाडु में एम.के. स्टालिन और केरल में पिनाराई विजयन की अग्निपरीक्षा है। असम में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा सत्ता बरकरार रखने की कोशिश में है, तो पुडुचेरी में भी कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम
मतगणना केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए केंद्रीय सुरक्षा बलों और स्थानीय पुलिस की भारी तैनाती की गई है। शुरुआती रुझानों के आने के साथ ही राजनीतिक दलों के दफ्तरों के बाहर कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटना शुरू हो गई है। दोपहर तक अधिकांश सीटों पर रुझान स्पष्ट होने की उम्मीद है, जिससे यह तय हो जाएगा कि अगले पांच सालों तक इन राज्यों की कमान किसके हाथों में होगी।
