लखनऊ, 20 सितम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्म दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत उनकी 25 वर्षों की सेवा यात्रा को उत्तर प्रदेश में नाट्य मंचन के माध्यम से जीवंत किया जाएगा। इस दौरान पीएम मोदी की 25 वर्षों की सेवा की अनकही कहानी रंगमंच पर दिखेगी।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक बोले – हर विधानसभा में ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ का भव्य नाट्य मंचन होगा
राज्य के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश की हर विधानसभा में ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ का भव्य नाट्य मंचन होगा।

अखिलेश यादव ढपोलशंख हैं…उन्हें कुछ पता नहीं
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को भी निशाने पर लिया और कहा कि अब वह मुख्यमंत्री बनने के ख्वाब छोड़ दें। पीडीए के ब्यूरोक्रेट्स को परेशान किए जाने के अखिलेश के बयान पर उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ढपोलशंख हैं। उन्हें कुछ पता नहीं है।
राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास
ब्रजेश पाठक ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी का सेवा संकल्प अभियान सेवा, सुशासन, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है, जिसमें कला और नाट्य मंचन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा।
आज लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर सम्मानित एवं प्रतिष्ठित पत्रकार बन्धुओं को यशस्वी मा० प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस 17 सितंबर से आरंभ हुए सेवा संकल्प अभियान (17 सितंबर से 17 अक्टूबर) के अंतर्गत यूपी के 403 विधानसभा क्षेत्रों में मा० प्रधानमंत्री जी… pic.twitter.com/FSqMQQ4SgB
— Brajesh Pathak (@brajeshpathakup) September 20, 2026
प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां कार्यक्रम के तहत विशेष नाट्य मंचनों के आयोजन के क्रम में उत्तर प्रदेश में भी विशेष एवं भव्य नाट्य प्रस्तुति आयोजित की जाएगी।
प्रदेश में हजारों स्थानों पर होगा नुक्कड़ नाटकों का आयोजन
उन्होंने बताया कि प्रदेश में हजारों स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन होगा। पीएम मोदी ने अनेकों ऐसे कार्य किए हैं, जिसने देश और देशवासियों का जीवन बदल दिया। लेकिन कुछ ऐसे कार्य हैं, जो बड़े तो हैं पर उनका ज्यादा उल्लेख नहीं हुआ। ऐसी सभी अनकही कहानियों को नुक्कड़ नाटक और नाट्य मंचन के माध्यम से व्यक्त किया जाएगा।
ब्रजेश पाठक ने बताया, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ की प्रस्तुति को सरल, संवेदनशील और संगीतमय स्वरूप दिया गया है, जिससे प्रधानमंत्री की सेवा यात्रा और जनकल्याण के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक सहजता से पहुंचाया जा सके। कुशल कलाकार अपने जीवंत अभिनय और प्रभावशाली संवादों के माध्यम से उन प्रेरक प्रसंगों को मंच पर साकार करेंगे, जिनमें सेवा, समर्पण, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण की भावना दिखाई देती है।
राज्यभर में 403 से अधिक नाट्य मंचनों का लक्ष्य निर्धारित
इस व्यापक अभियान के अंतर्गत राज्यभर में पर 403 से अधिक नाट्य मंचनों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी इन प्रस्तुतियों के माध्यम से संवाद स्थापित किया जाएगा।


