1. Home
  2. कारोबार
  3. अमेरिका-ईरान में फिर बातचीत की आहट से शेयर बाजार में उफान, सेंसेक्स 78000 के पार, निफ्टी 389 अंक मजबूत
अमेरिका-ईरान में फिर बातचीत की आहट से शेयर बाजार में उफान, सेंसेक्स 78000 के पार, निफ्टी 389 अंक मजबूत

अमेरिका-ईरान में फिर बातचीत की आहट से शेयर बाजार में उफान, सेंसेक्स 78000 के पार, निफ्टी 389 अंक मजबूत

0
Social Share

मुंबई, 15 अप्रैल। पश्चिम एशिया संकट और होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर तनातनी के बीच अमेरिका व ईरान में दूसरी बार बातचीत की बन रहीं संभावनाओं से कच्चे तेल की कीमतों में जहां नरमी आई वहीं अनुकूल वैश्विक संकेतों के अनुरूप भारतीय शेयर बाजार भी चहक उठा। इस क्रम में अंबेडकर जयंती के अवकाश बाद दोनों बेंचमार्क इंडेक्स अच्छी बढ़त के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 1,264 अंकों की मजबूती से जहां 78,000 के पार चला गया तो एनएसई निफ्टी में 389 अंक की तेजी लेकर 24,200 के ऊपर जाकर ठहरा।

सेंसेक्स 1,263.67 अंक चढ़कर 78,111.24 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,263.67 अंक यानी 1.64 प्रतिशत चढ़कर 78,111.24 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह एक समय यह 1,422.85 अंक चढ़कर 78,270.42 अंक तक पहुंच गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 28 के स्टॉक मजबूत हुए तो सिर्फ दो में कमजोरी दिखी।

निफ्टी 1.63 प्रतिशत बढ़कर 24,231.30 पर बंद

उधर नेशनल स्टक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 388.65 अंक यानी 1.63 प्रतिशत बढ़कर 24,231.30 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 47 के शेयर चढ़कर रुके तो तीन में गिरावट दर्ज की गई।

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी जबर्दस्त खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 2.20% और स्मॉलकैप 2.35% तक उछले, जो निवेशकों की व्यापक भागीदारी को दर्शाता है। सेक्टोरल आधार पर कंस्ट्रक्शन सेक्टर सबसे आगे रहा जबकि आईटी और मीडिया शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली, जो ग्रोथ सेक्टर्स में बढ़ते भरोसे का संकेत है।

निवेशकों की पूंजी में 9.11 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी

बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन बुधवार को बढ़कर 4,58,25,183.95 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले कारोबारी सत्र यानी 13 अप्रैल 4,49,13,555.17 करोड़ रुपये था। इस प्रकार बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों के कुल मार्केट कैप में आज 911,628.78 करोड़ वृद्धि दर्ज की गई। दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की पूंजी एक दिन में 9.11 लाख करोड़ रुपये बढ़ गई।

इंडिगो के शेयर सर्वाधिक 4.63 फीसदी लाभ में रहे

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में इंटरग्लोब एविएशन (यानी इंडिगो) के शेयर सर्वाधिक 4.63 फीसदी लाभ में रहे। पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, टेक महिंद्रा, टीसीएस और लार्सन एंड टुब्रो भी प्रमुख रूप से बढ़त में रहे। दूसरी तरफ, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक और एक्सिस बैंक के शेयरों में गिरावट रही।

ब्रेंट क्रूड गिरकर 95.74 डॉलर प्रति बैरल के करीब आ गया

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड पश्चिम एशिया तनाव कम होने के संकेतों के बीच गिरकर 95.74 डॉलर प्रति बैरल के करीब आ गया। एक दिन पहले मंगलवार को आंबेडकर जयंती के कारण शेयर बाजार बंद रहा। उससे पहले सोमवार को सेंसेक्स 702.68 अंक गिरकर 76,847.57 अंक पर और निफ्टी 207.95 अंक लुढ़ककर 23,842.65 अंक पर बंद हुआ था।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code