ट्रंप ने दिए संकेत : लड़ाई खत्म होने के करीब, ईरान सरकार शांति समझौता करने के लिए तैयार

वॉशिंगटन, 15 अप्रैल। पश्चिम एशियाई में डेढ़ माह पहले छिड़े युद्ध को लेकर अमेरिका का रुख अब नरम पड़ता प्रतीत हो रहा है। इसका अंदाजा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ताजा बयान से लगाया जा सकता है। दहअसल, ट्रंप ने बुधवार को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि ईरान से लड़ाई खत्म होने के बहुत करीब है और ईरान की सरकार शांति समझौता करने के लिए तैयार है।

ट्रंप ने फॉक्स बिजनेस को दिए इंटरव्यू में कहा, ‘हमने उन्हें बुरी तरह पराजित किया है। मुझे लगता है कि यह लड़ाई खत्म होने के करीब है। मेरा मानना है कि हम लड़ाई के अंत के काफी नजदीक हैं…लड़ाई जारी रही तो ईरान को दोबारा खड़ा करने में 20 वर्ष से ज्यादा वक्त लगेगा। वे (ईरान) समझौते के लिए बेकरार हैं।’

लड़ाई खत्म होने की उम्मीद में शेयर बाजारों में तेजी

अमेरिकी राष्ट्रपति का यह बयान ऐसे वक्त आया है, जब वैश्विक शेयर बाजार को लड़ाई जल्द खत्म हो जाने की उम्मीद दिख रही थी। इसी क्रम में 13 और 14 अप्रैल को अमेरिकी बाजारों में तेजी दिखी थी। भारतीय बाजार में भी सोमवार की बड़ी गिरावट के बाद जबर्दस्त रिकवरी आई। हालांकि, पिछले हफ्ते के अंत में अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान में हुई बातचीत बेनतीजा रही थी।

ट्रंप ने ईरान के खिलाफ सैन्य काररवाई को सही बताया

ट्रंप ने अपने इंटरव्यू में ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य काररवाई को सही बताया। उन्होंने कहा, ‘हमें उन्हें परमाणु हथियार बनाने से रोकना होगा।’ क्रूड ऑयल की कीमतों में उछाल के बारे में उन्होंने कहा कि सप्लाई में बाधा की वजह से क्रूड में उछाल आया था। अब कीमतों में जल्द गिरावट आएगी। लड़ाई खत्म होने से शेयर बाजारों में बड़ी तेजी आएगी। सूत्रों का कहना है कि अमेरिका और ईरान में दूसरे दौर की बातचीत जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

Most Popular