पर्थ टेस्ट : सदरलैंड के हरफनमौला खेल से भारतीय महिलाएं बड़ी पराजय की कगार पर, दूसरी पारी में गिरे छह विकेट
पर्थ, 7 मार्च। साथी पेसर लूसी हैमिल्टन संग मिलकर पहली पारी में भारतीय बल्लेबाजी पंक्ति ध्वस्त करने वालीं अनुभवी हरफनमौला एनाबेल सदरलैंड ने वाका ग्राउंड पर दूसरे दिन भी जलवा बिखेरा। इस क्रम में उन्होंने शानदार शतकीय पारी (129 रन, 171 गेंद, 211 मिनट, 17 चौके) से पहले ऑस्ट्रेलिया को मजबूत बढ़त दिलाई। उसके बाद दूसरी पारी में भी हैमिल्टन के साथ मिलकर मेहमान बल्लेबाजों लाचार करने के साथ एकमात्र महिला दिवा-रात्रि टेस्ट मैच में भारत को बड़ी पराजय की कगार पर धकेल दिया।
Stumps on Day 2!
Pratika Rawal and Sneh Rana stand tall for #TeamIndia 🤝
Scorecard ▶️ https://t.co/60dR7l123m#AUSvIND pic.twitter.com/9yaDG33luf
— BCCI Women (@BCCIWomen) March 7, 2026
सदरलैंड के शतक से ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 125 रनों की बढ़त
सदरलैंड के शानदार शतक और एलिस पेरी (76 रन, 116 गेंद, 186 मिनट, एक छक्का, 10 चौके) के साथ चौथे विकेट पर उनकी 128 रनों की धाकड़ साझेदारी से ऑस्ट्रेलियाई पारी चाय के तनिक बाद 90 ओवरों में 323 रनों पर खत्म हुई। इस प्रकार मेजबानों ने पहली पारी में 125 रनों की अच्छी बढ़त हासिल कर ली।
हैमिल्टन व सदरलैंड ने दूसरी पारी में 5 विकेट उखाड़े
इसके बाद हैमिल्टन (3-32) व सदरलैंड (2-15) ने फिर दबाव बढ़ाया और अंततः दूसरे दिन स्टंप्स उखाड़े गए तो भारत ने दूसरी पारी के 29 ओवरों में 105 रनों पर ही छह विकेट गंवा दिए है। प्रतिका रावल (नाबाद 43 रन, 84 गेंद, छह चौके) व स्नेह राणा (नाबाद 14 रन, 17 गेंद, एक चौका) ने 82 रनों पर छह विकेट गिरने के बाद खेल समाप्ति तक अन्य कोई क्षति नहीं होने दी।

प्रतिका व स्नेह के जरिए भारत का संघर्ष जारी
फिलहाल चार विकेट के शेष रहते भारत के पास सिर्फ 20 रनों की बढ़त है। यह देखना दिलचस्प रहेगा कि प्रतिका व राणा तीसरी सुबह कितनी देर तक भारतीय पारी खींचने में सफल होती हैं।
सदरलैंड ने पेरी व बेथ मूनी संग कीं उपयोगी भागीदारियां
ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 96 रन से की थी और उस समय स्थिति थोड़ी अस्थिर थी। लेकिन सदरलैंड ने न सिर्फ पिछली सात पारियों में चौथा और लगातार तीसरा शतक ठोक दिया वरन दो अहम साझेदारियां कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उन्होंने अनुभवी एलिस पेरी संग चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। फिर बेथ मूनी (19 रन, दो चौके) के साथ पांचवें विकेट के लिए 54 रन जोड़े।
अंततः दीप्ति शर्मा (2-67) ने 73वें ओवर में 273 के योग पर सदरलैंड से निजात पाई, जिन्हें लांग ऑन पर हरमनप्रीत ने पकड़ा। इसके बाद अलाना किंग (21 रन, तीन चौके) और हैमिल्टन (23 रन, तीन चौके) ने ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 300 के पार पहुंचाया। इन दोनों को सयाली सतघारे (4-50) ने लौटाकर मेजबान पारी बंद की।
दूसरी पारी में भी भारतीय बल्लेबाज बड़ी साझेदारी विकसित नहीं कर सकीं
इके बाद भारतीय बल्लेबाज दूसरी पारी में भी बड़ी साझेदारी विकसित करने में नाकाम रहीं। स्मृति मंधाना (दो रन) तेज गेंदबाज डार्सी ब्राउन की गेंद को स्टंप्स पर खेल बैंठी तो वहीं शेफाली वर्मा (पांच रन) हैमिल्टन की ऑफ स्टंप से बाहर निकलती गेंद को ड्राइव करने की कोशिश में विकेटकीपर बेथ मूनी को कैच दे बैठीं।
पहली पारी में अर्धशतक जड़ने वालीं जेमिमा रॉड्रिक्स (14 रन) ने जोखिम लेते हुए सदरलैंड पर स्कूप शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधे विकेटकीपर मूनी के हाथों में चली गई। इसी गेंदबाज ने 14वें ओवर में कप्तान हरमनप्रीत कौर (11) को भी मायूस कर दिया। उधर हैमिल्टन ने 24वें ओवर में दीप्ति शर्मा और ऋचा घोष को आउट किया, जिससे भारत का स्कोर छह विकेट पर 82 रन हो गया। प्रतिका और राणा ने विकेटों के पतझड़ को रोका, लेकिन दिन के अंत तक टीम की स्थिति काफी कमजोर हो चुकी थी।
