1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड : राजस्थान के फतेहपुर में -2°, उत्तराखंड में -16°C तो MP-UP में घना कोहरा
उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड : राजस्थान के फतेहपुर में -2°, उत्तराखंड में -16°C तो MP-UP में घना कोहरा

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड : राजस्थान के फतेहपुर में -2°, उत्तराखंड में -16°C तो MP-UP में घना कोहरा

0
Social Share

नई दिल्ली/लखनऊ , 12 जनवरी| पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी का असर अब पूरे उत्तर भारत में दिखने लगा है। कई राज्यों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है, वहीं मैदानी इलाकों में घना कोहरा और शीतलहर लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। राजस्थान के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान माइनस 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नागौर में पारा माइनस 1 डिग्री तक गिर गया। माउंट आबू और सीकर में पाइपलाइन का पानी जमने की घटनाएं सामने आई हैं।

उत्तराखंड के पिथौरागढ़, चमोली, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में भीषण ठंड पड़ रही है। आदि कैलाश और केदारनाथ धाम में तापमान माइनस 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे जल आपूर्ति प्रभावित हुई है। मध्य प्रदेश के अधिकांश जिलों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है और कई जगह घना कोहरा छाया हुआ है।

उत्तर प्रदेश के मेरठ में न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री दर्ज किया गया। राज्य के 25 जिलों में सोमवार सुबह घना कोहरा रहा, कई जगह दृश्यता 20 मीटर से भी कम रही। मौसम के चलते नोएडा, गोरखपुर, आगरा, मेरठ और गाजियाबाद में स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।

बिहार में 5 जिलों का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री और 11 जिलों का 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के 24 जिलों में कोल्ड-डे और घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट, जबकि 14 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली में इस सर्दी में पहली बार तापमान 3 डिग्री से नीचे गया। आया नगर में 2.9 डिग्री और पालम एयरपोर्ट पर 3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जो पिछले 13 वर्षों में सबसे कम है।

  • अगले दो दिन का मौसम पूर्वानुमान

13 जनवरी:

पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी की संभावना
पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, बिहार और मध्य प्रदेश में घने कोहरे का अलर्ट
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश व बर्फबारी
तेलंगाना और पुडुचेरी में भारी बारिश का अलर्ट

14 जनवरी:

यूपी, राजस्थान, बिहार, एमपी, झारखंड, छत्तीसगढ़, पंजाब और हरियाणा में कोहरा
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी जारी रह सकती है

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code