अयोध्या : राम मंदिर परिसर में नमाज पढ़ने की कोशिश, हिरासत में लिया गया शख्स
अयोध्या, 10 जनवरी। राम नगरी अयोध्या स्थित राम मंदिर परिसर में शनिवार को एक शख्स को नमाज पढ़ने की कोशिश में हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने आरोपितकी पहचान अब्दुल अहमद शेख के रूप में की है। आरोपी शख्स के पास से मिले आधार कार्ड के अनुसार वह जम्मू-कश्मीर के शोपियां का रहने वाला है।
जम्मू-कश्मीर के शोपियां का रहने वाला है अब्दुल अहमद शेख
बताया जा रहा है कि अब्दुल अहमद राम मंदिर परिसर के दक्षिणी परकोटे पर नमाज पढ़ने की कोशिश कर रहा था, तभी कुछ श्रद्धालुओं की उसपर नजर गई। इसके बाद तुरंत सुरक्षाकर्मियों को इसकी सूचना दी गई और आरोपित को हिरासत में ले लिया गया।
सूत्रों के अनुसार नमाज पढ़ने से रोके जाने के बाद अब्दुल संप्रदाय विशेष के नारे लगाने लगा। मौके पर मौजूद सुरक्षा बल के जवानों ने उसे हिरासत में ले लिया। शख्स से खुफिया एजेंसी और पुलिस के कई आला अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं। इस मामले को लेकर जिला प्रशासन ने कोई टिप्पणी नहीं की है।
कुछ और लोगों ने की नमाज पढ़ने की कोशिश
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मंदिर परिसर में कुछ अन्य लोगों ने भी नमाज पढ़ने की कोशिश की थी। पुलिस फिलहाल अन्य की भी पहचान करने में जुटी है।
