Homeहिन्दीखेलमलेशिया ओपन : सिंधु की हार से भारतीय चुनौती समाप्त, सेमीफाइनल में...

मलेशिया ओपन : सिंधु की हार से भारतीय चुनौती समाप्त, सेमीफाइनल में विश्व नंबर 2 वांग से परास्त

कुआलालम्पुर, 10 जनवरी। पैर की चोट के चलते लंबे समय बाद यहां मलेशिया ओपन सुपर 1000 टूर्नामेंट के जरिए BWF टूर में वापसी करने वालीं भारत की शीर्षस्थ महिला शटलर पीवी सिंधु का शानदार सफर शनिवार को थम गया, जब वह विश्व नंबर दो चीनी स्टार वांग झी यी के हाथों सीधे गेमों में हार गईं। सिंधु की हार के साथ ही टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती भी समाप्त हो गई।

BWF रैंकिंग में 18वें नंबर पक काबिज दो बार की ओलम्पिक पदक विजेता 30 वर्षीय सिंधु एक्सियाटा एरेना के कोर्ट नंबर एक पर खेले गए दिन के पहले मैच मे वांग का दबाव ज्यादा देर तक नहीं झेल पाईं और 52 मिनट में 16-21, 15-21 से हार गईं। इस हार के साथ ही सिंधु बनाम वांग मैच स्कोर 3-3 बराबर हो गया है। वांग की रविवार को विश्व नंबर एक कोरियाई एन से यंग से खिताबी टक्कर होगी, जिन्हें चौथी सीड चीनी स्पर्धी चेन यू फेई से वॉकओवर मिला।

सिंधु ने पहले गेम में भी दो बार मिली बढ़त गंवा दी

⁠पूर्व विश्व नंबर एक सिंधु ने शुरुआत में बेहतर रैंकिंग वाली प्रतिद्वंद्वी को कड़ी चुनौती दी। उन्होंने दमदार शॉट्स लगाए और अपनी लंबी पहुंच का प्रभावी उपयोग किया। सिंधु ने चिर-परिचित क्रॉस-कोर्ट स्मैश के दम पर तेजी से 5-2 की बढ़त बना ली, लेकिन नेट पर वांग के सध खेल ने उन्हें लगातार अंक दिलाए और स्कोर बराबर हो गया।

वांग की कुछ गलतियों का फायदा उठाते हुए सिंधु 9-7 से आगे निकलीं, लेकिन नेट पर चूक के कारण चीन की खिलाड़ी ने एक बार फिर वापसी करते हुए ब्रेक तक एक अंक की मामूली बढ़त हासिल कर ली। ब्रेक के बाद दोनों खिलाड़ियों को शॉट की लेंथ पर नियंत्रण रखने में परेशानी हुई और स्कोर 13-13 पर स्कोर बराबर रहा।

वांग ने इसके बाद आक्रामक खेल दिखाते हुए दबाव बढ़ाया। लगातार तेज हमलों से उन्होंने सिंधु को असहज किया और सटीक शॉट के जरिए शटल को उनकी पहुंच से दूर रखने की रणनीति अपनाई। वांग ने 18-14 से आगे निकलने के बाद चार गेम प्वॉइंट हासिल किए पहला गेम अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में 11-6 की बढ़त नहीं भुना सकीं सिंधु

दूसरे गेम की शुरुआत में सिंधु अपनी गलतियों के चलते 1-3 से पिछड़ गईं, लेकिन जल्द ही संभलते हुए आक्रामक रैली के दम पर 6-3 की बढ़त ले ली। वांग ने अंतर कम करने की कोशिश की, लेकिन सिंधु ने कोर्ट के कोण का बढिया इस्तेमाल करते हुए ब्रेक तक 11-6 की बढ़त बना ली।

ब्रेक के बाद वांग ने एक बार फिर आक्रामक अंदाज में वापसी की और सिंधु को तेज रैलियों में उलझाया, लेकिन भारतीय शटलर ने करार जवाब देते हुए 13-9 की बढ़त बनाए रखी। इसके बाद सिंधू असहज गलतियां करने लगी। उनके शॉट पर शटल कोर्ट के बाहर गिरने लगा या नेट से टकराने लगा जिससे स्कोर 13-13 हो गया।

चीन शटलर ने इसके बाद बढ़त बनानी शुरू की और सिंधु दबाव में पिछड़ती चली गईं। इस दबाव के कारण वह लगातार दो बार बैकलाइन पर चूक गईं। वांग ने पांच मैच प्वॉइंट हासिल किए और सिंधु का शॉट बाहर जाने के साथ ही उन्होंने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments