1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. गोवा अग्निकांड : नाइट क्लब के दोनों मालिक लूथरा बंधु इंडिगो विमान से फुकेट भागे
गोवा अग्निकांड : नाइट क्लब के दोनों मालिक लूथरा बंधु इंडिगो विमान से फुकेट भागे

गोवा अग्निकांड : नाइट क्लब के दोनों मालिक लूथरा बंधु इंडिगो विमान से फुकेट भागे

0
Social Share

पणजी, 8 दिसम्बर। गोवा की राजधानी पणजी के एक नाइट क्लब में बीते शनिवार को मध्यरात्रि के आसपास हुए भीषण अग्निकांड के मुख्य आरोपित बिर्च बाई रोमियो लेन के दोनों मालिक – लूथरा बंधु सौरभ और गौरव घटना के पांच घंटे बाद दिल्ली से इंडिगो फ्लाइट से थाईलैंड के फुकेट भाग गए। गोवा पुलिस ने इस मामले पर बयान दिया है। पुलिस फिलहाल उनके ठिकाने और विदेश भागने का पता लगा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है और अधिकारियों ने अंतरराष्ट्रीय मदद लेने की भी योजना बनाई है।

फरार आरोपितों पर शिकंजा कसने में जुटी पुलिस

गोवा पुलिस की ओर से बयान में कहा गया कि बिर्च बाई रोमियो लेन फायर इंसीडेंट की जांच में गोवा पुलिस काररवाई कर रही है। FIR दर्ज होते ही पुलिस की एक टीम तुरंत दिल्ली रवाना की गई, जहां आरोपितों गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा के ठिकानों पर छापेमारी की गई। दोनों वहां नहीं मिले, जिसके बाद उनके आवास पर कानून के तहत नोटिस चस्पा कर दी गई।

पुलिस ने बताया कि सात दिसम्बर की शाम तक दोनों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी कर दिया गया था। मुंबई इमिग्रेशन को जब संपर्क किया गया तो पता चला कि दोनों आरोपित सात दिसम्बर की सुबह 5.30 बजे इंडिगो की फ्लाइट 6E 1073 से फुकेट के लिए रवाना हो गए थे जबकि हादसा छह दिसम्बर को आधी रात के आसपास हुआ था। इससे यह साफ होता है कि दोनों ने जांच से बचने की कोशिश की।

हिरासत में भारत कोहली

बयान के अनुसार गोवा पुलिस ने दोनों आरोपितों को पकड़ने के लिए CBI की इंटरपोल डिवीजन से भी संपर्क किया है, ताकि जल्द से जल्द उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके। इस बीच, पुलिस ने दिल्ली से भारत कोहली को हिरासत में लेकर ट्रांजिट रिमांड हासिल कर लिया है। उसे आगे की पूछताछ के लिए गोवा लाया जा रहा है। वहीं सभी 25 मृतकों का पोस्टमार्टम (PME) पूरा कर लिया गया है और शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

अजय गुप्ता भी है क्लब में पार्टनर

फिलहाल गोवा पुलिस दिल्ली में मौजूद है गोवा पुलिस अजय गुप्ता नाम के शख्स की तलाशी कर रही है। सूत्रों के अनुसार गोवा के जिस क्लब में आग लगी, उस क्लब में सौरभ और गौरव के साथ अजय गुप्ता भी पार्टनर हैं। अजय गुप्ता को गोवा पुलिस गिरफ्तार कर सकती है।

सूत्रों के अनुसार सौरभ और गौरव दोनों भाइयों ने दिल्ली एयरपोर्ट से फ्लाइट पकड़ी थी, हादसे के वक्त दोनों दिल्ली में थे। जैसे ही गोवा के क्लब में आग लगी, दोनों भाइयों ने फुकेट भागने की प्लानिंग की. दोनों दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे और फरार हो गए।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code