नौगाम थाने में विस्फोट को लेकर कांग्रेस की आतंकवाद पर सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग

नई दिल्ली, 15 नवम्बर। कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर के नौगाम थाने में शुक्रवार को हुए ब्लास्ट पर गंभीर चिंता जताते हुए देश में बढ़ते आतंकवाद के खतरे पर चर्चा के लिए तत्काल सर्वदलीय बैठक बुलाए जाने की केंद्र सरकार से मांग की है। इस धमाके में नौ लोगों की मौत हुई और 32 अन्य घायल हुए हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इसे केंद्र सरकार के लिए चेतावनी बताया और खुफिया तंत्र मजबूत करने को कहा। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि दी और पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की। पार्टी ने साथ ही आतंकवाद के खिलाफ राष्ट्र के साथ खड़े रहने की बात कही।

मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को कहा कि श्रीनगर में हुआ धमाका केंद्र सरकार के लिए चेतावनी है और सरकार को खुफिया तंत्र और आतंकवाद रोधी मेकेनिज्म को मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी जवाबदेही से बच नहीं सकती।

जम्मू-कश्मीर ले जाया गया था विस्फोटक

एक्स पर एक पोस्ट में खरगे ने दुर्घटनावश हुए धमाके में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और पीडि़त परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि ये घटना दिल्ली कार ब्लास्ट आतंकी हमले के कुछ दिनों के अंदर हुई है, जो केंद्र के लिए सचेत होने का संदेश है। पार्टी प्रमुख ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस आतंकवाद के खिलाफ राष्ट्र के साथ खड़ी है।

गौरतलब है कि फरीदाबाद में पकड़े गए विस्फोटक को जांच के लिए जम्मू-कश्मीर ले जाया गया था और नौगाम थाने में रखा गया था। जांच के लिए विस्फोटक का सैंपल लेते वक्त इसमें किसी वजह से धमाका हो गया, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई जबकि 32 अन्य घायल हो गए।

RELATED ARTICLES

Most Popular