नई दिल्ली, 18 अक्टूबर। फ्रांस सहित यूरोप के कुछ अन्य देशों में उभरे हिंसक आंदोलन के बीच केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भारत में प्रदर्शन करने वाले विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि भारत में भी बांग्लादेश व फ्रांस जैसी हिंसा फैलाने की योजना थी।
साजिश रचने वाले भूल गए कि भारत न तो बांग्लादेश है और न ही फ्रांस
किरेन रिजिजू ने रविवार को एक्स पोस्ट में कहा, ‘बांग्लादेश में हुई हिंसक घटना और फ्रांस में जो दंगे, आगजनी और लूटपाट हुईं, ठीक वैसी ही साजिश भारत के लिए भी रची गई थी। भारत-विरोधी गिरोहों और कुछ राजनेताओं ने मिलकर युवाओं को भड़काने और हमारी सड़कों पर हिंसा फैलाने की योजना बनाई थी। लेकिन इस खतरनाक साजिश रचने वाले भूल गए कि भारत न तो बांग्लादेश है और न ही फ्रांस। भारत में सत्ता परिवर्तन बिल्कुल हो सकता है, लेकिन केवल चुनावों के जरिए, सोरोस के जरिए नहीं।’
बांग्लादेश में हुई हिंसक घटना और फ्रांस में जो दंगे, आगजनी और लूटपाट हुईं, ठीक वैसी ही साजिश भारत के लिए भी रची गई थी। भारत-विरोधी गिरोहों और कुछ राजनेताओं ने मिलकर युवाओं को भड़काने और हमारी सड़कों पर हिंसा फैलाने की योजना बनाई थी। लेकिन इस खतरनाक साजिश रचने वाले भूल गए कि भारत न तो बांग्लादेश हैं और न ही फ्रांस।
भारत में सत्ता परिवर्तन बिल्कुल हो सकता है – लेकिन केवल चुनावों के जरिए, सोरोस के जरिए नहीं।
— Kiren Rijiju (@KirenRijiju) October 18, 2026
रिजिजु ने इस पोस्ट के साथ एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें नेहा बोरा के बांग्लादेश के युवाओं को धन्यवाद देने वाले क्लिप के साथ प्रशांत भूषण के ‘रिजीम चेंज’ वाले बयान और जुलाई-अगस्त के प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों के क्लिप शामिल हैं।
पहले भी साध था निशाना
किरेन रिजिजू ने इससे पहले 15 अक्टूबर को भी एक पोस्ट शेयर किया था। इसमें उन्होंने कहा था, ‘लड़ाई की रेखा खिंच चुकी है। एक तरफ दिमागी नक्सली हैं और दूसरी तरफ देशभक्त भारतीय। एक तरफ भारत के संविधान में विश्वास रखने वाले लोग हैं और दूसरी तरफ अराजकतावादी हैं।’ उन्होंने आगे कहा था कि अब लड़ाई भारत-विरोधी ताकतों और उन देशभक्त भारतीयों के बीच है, जो भारत की रक्षा करना चाहते हैं।
बड़े आए “Regime Change” करने वाले !!
कान खोलकर सुन लो, भारत बांग्लादेश नहीं है!Indian youth are not fools, they will build India, not destroy India.
All genuine Indian youth are winning medals, steering in skilling, innovation, startups, technology & becoming cultural icons! https://t.co/cf9YFjIpZj— Kiren Rijiju (@KirenRijiju) October 17, 2026
इसके बाद 17 अक्टूबर को किरेन रिजिजू ने ‘रिजीम चेंज’ की बात करने वालों पर निशाना साधा। उन्होंने एक्स पर लिखा, “बड़े आए ‘रिजीम चेंज’ करने वाले!! कान खोलकर सुन लो, भारत बांग्लादेश नहीं है!” उन्होंने आगे कहा कि भारतीय युवा मूर्ख नहीं हैं बल्कि वे भारत का निर्माण करेंगे, उसे नष्ट नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि देश के युवा मेडल जीत रहे हैं और स्किलिंग, इनोवेशन, स्टार्टअप, टेक्नोलॉजी के साथ-साथ सांस्कृतिक क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहे हैं।


