हेमंत सोरेन ने चौथी बार संभाली झारखंड की सत्ता, शपथ समारोह में I.N.D.I.A. ब्लॉक के कई शीर्ष नेता रहे मौजूद

रांची, 28 नवम्बर। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेता हेमंत सोरेन ने गुरुवार को यहां चौथी बार झारखंड की सत्ता संभाल ली। मोरहाबादी मैदान पर आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल संतोष गंगवार ने सोरेन को झारखंड के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण समारोह में विपक्षी I.N.D.I.A. ब्लॉक के कई दिग्गज नेताओं ने अपनी भागीदारी से शक्ति प्रदर्शन किया। इनमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान, कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सहित अन्य दिग्गज मौजूद रहे।

सीएम हेमंत सोरेन ने अकेले शपथ ली, कैबिनेट विस्तार बाद में होगा

सीएम हेमंत सोरेन के साथ छह से आठ मंत्रियों के भी शपथ लेने की चर्चा थी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। उन्होंने अकेले शपथ ली। उनकी कैबिनेट का बाद में विस्तार किया जाएगा। हेमंत के शपथ ग्रहण में, उनके पिता, जेएमएम के संस्थापक और तीन बार के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन भी मौजूद रहे।

जेएमएम नीत गठबंधन ने हासिल की हैं 81 में 56 सीटें

गौरतलब है कि झारखंड विधानसभा चुनाव में जेएमएम, कांग्रेस, आरजेडी और लेफ्ट के साथ गठबंधन कर मैदान में उतरी थी। इस गठबंधन ने 81 सीटों में 56 पर जीत हासिल कर बहुमत के लिए जरूरी 41 का जादुई आंकड़ा पार किया था। इनमें जेएमएम को अकेले 34 सीटें मिली हैं, जो उसका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। कांग्रेस को 16, राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) को चार और लेफ्ट को दो सीटो सीटों पर जीत मिली थी। वहीं भाजपा की अगुआई वाले एनडीए गठबंधन को सिर्फ 23 सीटें मिल सकी थीं।

कांग्रेस चार पर एक के फॉर्मूले से चार मंत्री पद की डिमांड कर रही

चुनाव नतीजे आने के बाद अगले ही दिन हेमंत सोरेन ने राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया था। सीएम पद को लेकर किसी भी तरह का कोई सस्पेंस नहीं था, लेकिन मंत्रिमंडल की तस्वीर पर गठबंधन के घटक दलों में सहमति अब तक नहीं बन सकी है। यही वजह है कि सोरेन ने अकेले ही शपथ ग्रहण किया। बताया जा रहा है कि कांग्रेस चार पर एक के फॉर्मूले से चार मंत्री पद की डिमांड कर रही है। सोरेन की पिछली सरकार में कांग्रेस के चार विधायकों को ही मंत्री बनाया गया था। तब भी कांग्रेस का संख्याबल 16 ही था।

बाबूलाल मरांडी ने सोरेन को दी बधाई और शुभकामनाएं

इस बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन को चौथी बार झारखंड राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई एवम शुभकामनाएं दी हैं। मरांडी ने कहा कि उम्मीद है कि हेमंत सोरेन जी चुनाव के समय जनता से किए गए हर वायदे को दृढ़ता से धरातल पर उतारेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular