IPL मेगा नीलामी : 13 वर्ष की उम्र में करोड़पति बने वैभव सूर्यवंशी, राजस्थान रॉयल्स ने बिहार के किशोरवय क्रिकेटर को 1.10 करोड़ में खरीदा

जेद्दा (सऊदी अरब), 25 नवम्बर। क्रिकेट मैदान पर अपनी असाधारण उपलब्धियों से पहले ही कुछ सुर्खियां बटोर चुके समस्तीपुर (बिहार) के वैभव सूर्यवंशी सिर्फ 13 वर्ष की उम्र में करोड़पति बन गए हैं। दरअसल, यहां इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 की मेगा नीलामी के दूसरे व अंतिम दिन सोमवार को राजस्थान रॉयल्स ने इस किशोरवय क्रिकेटर को 1.10 करोड़ रुपये में खरीद लिया।

आईपीएल इतिहास के सबसे कम उम्र क्रिकेटर बने वैभव

वस्तुतः आईपीएल इतिहास के सबसे कम उम्र क्रिकेटर वैभव का बेस प्राइस 30 लाख रुपये था। बाएं हाथ का यह बल्लेबाज लंबे छक्के लगाने के लिए जाना जाता है। वैभव को राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने चुना था। उन्हें पाने के लिए राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच एक तरह की जंग देखने को मिली।

वैभव ने 12 वर्ष 284 दिन की उम्र में रणजी में डेब्यू कर इतिहास रचा

असाधारण प्रतिभा के धनी वैभव सूर्यवंशी 2023-24 के रणजी ट्रॉफी सीजन के दौरान मुंबई के खिलाफ़ सिर्फ 12 वर्ष 284 दिन की उम्र में डेब्यू किया था। यह अपने आप में एक इतिहास था। वैभव से पहले युवराज सिंह ने 15 वर्ष 57 दिन की उम्र में डेब्यू किया था जबकि महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने 15 वर्ष 230 दिन की उम्र में अपना करिअर शुरू किया था।

प्रतिस्पर्धी क्रिकेट के 170 वर्षों के इतिहास में सबसे कम उम्र के शतकवीर

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अपने डेब्यू के बाद वैभव सूर्यवंशी ने चेन्नई में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यूथ टेस्ट सीरीज के दौरान क्रिकेट विशेषज्ञों का ध्यान आकर्षित किया, जब उन्होंने सिर्फ 62 गेंदों पर 104 रनों की शतकीय पारी खेल दी। वह प्रतिस्पर्धी क्रिकेट के 170 वर्षों के इतिहास में सबसे कम उम्र के शतकवीर भी बने, जब उनकी उम्र 13 वर्ष 188 दिन थी।

सूर्यवंशी ने युवा स्तर पर किसी भारतीय द्वारा सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड भी बनाया। उन्होंने 58 गेंदों पर धमाकेदार शतक लगाया, जो इस स्तर पर दूसरा सबसे तेज़ शतक है। वह इंग्लैंड के मोईन अली से ठीक पीछे रहे, जिन्होंने 56 गेंदों पर यह उपलब्धि हासिल की थी।

RELATED ARTICLES

Most Popular