भारत की जीडीपी पहली बार 4 ट्रिलियन डॉलर के पार, मेघवाल बोले – ‘भारत की वैश्विक उपस्थिति में एक महत्वपूर्ण क्षण’

नई दिल्ली, 19 नवम्बर। भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। इस क्रम में दुनिया की चौथी बड़ी इकॉनमी बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ते हुए आज भारत की जीडीपी चार लाख करोड़ डॉलर (4 ट्रिलियन डॉलर) को पार कर गई है। यह पहली बार है, जब भारत की जीडीपी चार ट्रिलियन डॉलर के आंकड़े के पार गई है। भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए अब अगला टारगेट 5 ट्रिलियन डॉलर के आंकड़े तक पहुंचना है। पीएम मोदी ने साल 2025 तक देश की अर्थव्यवस्था को 5 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।

कैबिनेट मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जीडीपी चार ट्रिलियन डॉलर की इकॉनमी को पार करने में कामयाब रही है। यह पहला मौका है, जब ऐसा कारनामा भारतीय अर्थव्यवस्था ने किया है।  यह भारत को 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की ओर ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

 

अर्जुन राम मेघवाल ने ट्वीट कर जानकारी देते हुए बताया कि यह भारत की वैश्विक उपस्थिति में एक महत्वपूर्ण क्षण है। उन्होंने कहा, “पीएम मोदी के परिवर्तनकारी नेतृत्व ने ‘न्यू इंडिया’ को अभूतपूर्व ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।’

दूसरी तरफ महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भारत और उसके नेतृत्व को अपने बधाई संदेश में कहा, ‘गतिशील, दूरदर्शी नेतृत्व ऐसा दिखता है। खूबसूरती से प्रगति कर रहा हमारा नया भारत ऐसा ही दिखता है! मेरे साथी भारतीयों को बधाई क्योंकि हमारा राष्ट्र $4 ट्रिलियन जीडीपी के आंकड़े को पार कर गया है! आपको अधिक शक्ति, आपका अधिक सम्मान, माननीय प्रधानमंत्री जी।’

अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी ने भी भारत को यह उपलब्धि हासिल करने पर बधाई दी है। अदानी ने ट्वीट कर कहा, ‘वैश्विक जीडीपी के मामले में जापान को 4.4 ट्रिलियन डॉलर और जर्मनी को 4.3 ट्रिलियन डॉलर के साथ पछाड़कर तीसरा सबसे बड़ा देश बनने से पहले अभी दो साल बाकी हैं। तिरंगे की लहर जारी है! जय हिंद।’

RELATED ARTICLES

Most Popular