हांगझू एशियाई खेल : भारत की पहली महिला पदक विजेता गोल्फर बनीं अदिति अशोक, जीता रजत पदक

हांगझू, 1 अक्टूबर। भारत की शीर्ष महिला गोल्फर अदिति अशोक ने यहां 19वें एशियाई खेलों में इतिहास रचते हुए 17 अंडर पार के स्कोर के साथ व्यक्तिगत महिला गोल्फ स्पर्धा में रजत पदक जीता। वह इसके साथ ही एशियाई खेलों में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला गोल्फर बन गई हैं।

पदक तालिका में देशों की ताजा स्थिति

उधर निशानेबाजी की टीम ट्रैप स्पर्धाओं में भारत ने पुुरुष वर्ग में रजत व महिला वर्ग में कांस्य पदक जीता।  दिन की शुरुआत में मिले इन तीन पदकों के साथ ही मौजूदा खेलों में भारत के खाते में कुल 41 मेडल जुड़ चुके थे। इनमें 11 स्वर्ण, 16 रजत और 14 कांस्य पदक शामिल हैं।

अदिति ने अंतिम राउंड से पहले 7 शॉट की बढ़त बना रखी थी

दो बार की ओलंपियन और टोक्यो में मामूली अंतर से पदक से वंचित रह गईं अदिति अशोक ने वेस्ट लेक इंटरनेशनल गोल्फ कोर्स में चौथे व अंतिम राउंड से पहले सात शॉट की बढ़त बना रखी थी। हालांकि, अदिति (कुल 271 अंक) ने आज चार बोगी और एक डबल बोगी लगाई, जिसके चलते उन्हें 17 अंडर पार स्कोर के साथ रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

दो अन्य भारतीय गोल्फर प्रणवी उर्स (284 अंक) चार अंडर पार के साथ 13वें स्थान पर रहीं, जबकि अवनि प्रशांत (291 अंक) तीन ओवर पार के साथ संयुक्त रूप से 18वें स्थान पर रहीं।

थाईलैंड की अर्पिचया युबोल ने जीता स्वर्ण पदक

थाईलैंड की अर्पिचया युबोल (269 अंक) ने अंतिम राउंड में अदिति से दो शॉट की बढ़त बना ली और 19 अंडर पार स्कोर से स्वर्ण पदक जीता। रिपब्लिक ऑफ कोरिया की यू ह्युनजो (272 अंक) ने 16 अंडर पार स्कोर से कांस्य पदक जीता।

RELATED ARTICLES

Most Popular