Vapi Murder Case : भरण-पोषण के विवाद में पत्नी की हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार

वलसाड, 1 अक्टूबर। गुजरात के वलसाड जिले के वापी में एक युवती की सरेआम हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, मृतका की हत्या करने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि उसका पति ही था। दोनों के बीच पिछले करीब चार वर्षों से विवाद चल रहा था और वे अलग-अलग रह रहे थे।

यह घटना वापी के छरवाड़ा इलाके की संस्कार सोसायटी में हुई। मृतका की पहचान सीमा के रूप में हुई है। वह ब्यूटी पार्लर चलाती थी। घटना के दिन वह अपने घर से ब्यूटी पार्लर जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान सोसायटी की बिल्डिंग के नीचे आरोपी ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी मौत हो गई।

मौके पर पहुंची पुलिस, आरोपी गिरफ्तार

सोसायटी में दिनदहाड़े हत्या की वारदात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही डुंगरा पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए आरोपी परेश कंटारिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उपाधीक्षक बी.एम. दवे के मुताबिक, आरोपी परेश कंटारिया मृतका सीमा का पति है। दोनों ने कुछ वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था और उनका एक बच्चा भी है।

चार साल से चल रहा था पति-पत्नी के बीच विवाद

पुलिस जांच में सामने आया कि सीमा और परेश के बीच पिछले करीब चार वर्षों से विवाद चल रहा था। दोनों अलग-अलग रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर पहले भी पत्नी की हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हो चुका था और उस मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था। पति-पत्नी के बीच विवाद को लेकर मामला अदालत में भी चल रहा था। बताया गया है कि सीमा ने अपने पति से भरण-पोषण के लिए रकम की मांग की थी। इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

कोर्ट केस को लेकर हुई बहस, फिर हमला

पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन परेश कंटारिया सीमा के घर पहुंचा था। दोनों के बीच अदालत में चल रहे मामले को लेकर बहस हुई। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपी ने कथित तौर पर धारदार हथियार से सीमा पर हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular