1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. ब्रजभूमि में जन्माष्टमी की धूम, श्रीकृष्ण जन्मस्थान सहित मथुरा व वृंदावन में भव्य सजावट
ब्रजभूमि में जन्माष्टमी की धूम, श्रीकृष्ण जन्मस्थान सहित मथुरा व वृंदावन में भव्य सजावट

ब्रजभूमि में जन्माष्टमी की धूम, श्रीकृष्ण जन्मस्थान सहित मथुरा व वृंदावन में भव्य सजावट

0
Social Share

मथुरा, 6 सितम्बर। जन्माष्टमी के अवसर पर ब्रजभूमि मथुरा-वृंदावन उल्लास से सराबोर हो उठा है। भक्तों के समूह थिरकते हुए यहां आ रहे हैं। श्रीकृष्ण जन्मस्थान सहित पूरे शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। तिराहे-चौराहों के साथ-साथ जन्मस्थान की ओर जाने वाले मार्गों पर कहीं भंडारे तो कहीं मंचीय प्रस्तुतियों के लिए डेढ़ दर्जन से अधिक मंच सज चुके हैं।

जन्माष्टमी पर इस बार 25 लाख से अधिक भक्तों के पहुंचने की उम्मीद है। कान्हा का जन्मोत्सव गुरुवार को समूचे ब्रज में धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके साथ ही सुरक्षा के लिए 4100 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।

योगीराज श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर एक ओर श्रीकृष्ण जन्मस्थान तो दूसरी ओर भारत विख्यात द्वारिकाधीश मंदिर में भव्य सजावट की गई है। इनके अलावा महानगर के प्रत्येक छोटे-बड़े मंदिरों को जन्मोत्सव की तैयारियां अंतिम दौर में चल रही हैं। श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर गुरुवार की रात होने वाले ठाकुरजी के दिव्य जन्माभिषेक के दर्शनों के ब्रजभूमि में श्रद्धालुओं का आगमन शुरु हो गया है। पुलिस प्रशासन, विद्युत विभाग, नगर निगम, विकास प्राधिकरण के साथ-साथ उत्तर प्रदेश तीर्थ विकास परिषद तैयारियों में जुटा हुआ है।

जन्मस्थान की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह छोटे-छोटे लीला मंच तैयार हैं। इन लीला मंचों पर एक हजार से अधिक कलाकार भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के मंचन के साथ-साथ लोकगीत व बधाई गायन प्रस्तुत करेंगे। ब्रजवासियों में भंडारे लगाने की होड़ मची है। भंडारों के लिए नगर निगम से लगातार अनुमति ली जा रही है।

मथुरा के साथ-साथ वृंदावन भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां ठाकुर बांके बिहारी के साथ-साथ सप्त देवालयों और प्रेम मंदिर में जन्मोत्सव की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। नंदगांव, बरसाना, गोकुल और महावन के मंदिरों में जन्मोत्सव की धूम मचेगी। इन मंदिरों विशेष तैयारियां चल रही हैं।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code