1. Home
  2. हिंदी
  3. खेल
  4. बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल : एल्डोस पॉल की अगुआई में भारतीय एथलीटों ने स्वर्ण सहित 4 पदक जीते
बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल : एल्डोस पॉल की अगुआई में भारतीय एथलीटों ने स्वर्ण सहित 4 पदक जीते

बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल : एल्डोस पॉल की अगुआई में भारतीय एथलीटों ने स्वर्ण सहित 4 पदक जीते

0
Social Share

बर्मिंघम, 7 अगस्त। केरल के एल्डोस पॉल की अगुआई में भारतीय एथलीटों ने रविवार को यहां राष्ट्रमंडल खेलों की एथलेटिक्स स्पर्धांओं में सायंकालीन सत्र के पहले ही एक स्वर्ण, एक रजत व दो कांस्य सहित चार पदक जीत लिए। इसके साथ ही एथलेटिक्स स्पर्धाओं में भारत अब तक एक स्वर्ण, चार रजत व तीन कांस्य सहित कुल आठ पदक जीत चुका है।

पुरुष त्रिकूद स्पर्धा में पहले दो स्थानों पर कब्जा कर इतिहास रचा

इस क्रम में भारत ने पुरुष त्रिकूद स्पर्धा में पहले दो स्थानों पर कब्जा जमाकर इतिहास रचा। पॉल ने जहां स्वर्ण पदक जीता वहीं केरल के उनके साथी एथलीट अब्दुल्ला अबूबाकर इस स्पर्धा का रजत पदक जीतने में सफल रहे। वहीं अन्नु रानी महिलाओं की भाला प्रक्षेप में कांस्य पदक जीता जबकि संदीप कुमार पुरुषों की 10 हजार मीटर पैदल चाल में कांस्य जीता।

एल्डोस पॉल ने अपने तीसरे प्रयास में 17.03 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाई। अबूबाकर 17.02 मीटर के प्रयास के साथ सिर्फ 0.01 मीटर के फासले से दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने अपने पांचवें प्रयास में यह दूरी तय की। बरमूडा के जाह-एनहाल पेरिनचीफ ने 16.92 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ कांस्य पदक जीता। भारत के ही एक अन्य एथलीट प्रवीण चिथावेल (16.89 मीटर) चौथे स्थान पर रहे।

पॉल यूजीन में विश्व चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचे थे, जहां उन्होंने 16.79 मीटर की छलांग लगाई थी। भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों में त्रिकूद में इसके पूर्व चार पदक जीते थे। लेकिन यह पहला मौका है, जब देश के दो एथलीटों ने एक साथ पोडियम पर जगह बनाई है। मोहिंदर सिंह गिल ने 1970 और 1974 में क्रमश: कांस्य और रजत पदक जीता था जबकि रंजीत माहेश्वरी और अरपिंदर सिंह 2010 और 2014 में तीसरे स्थान पर रहे थे।

अन्नु रानी राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाली पहली महिला भाला प्रक्षेपक

इस बीच अन्नु रानी ने राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाली पहली महिला भाला प्रक्षेपक का श्रेय अर्जित कर लिया। उन्होंने अपने चौथे प्रयास में 60 मीटर दूर भाला फेंककर तीसरा स्थान हासिल किया।

विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया की केलसे ली बार्बर ने 64.43 मीटर के थ्रो से स्वर्ण पदक जीता जबकि उनकी हमवतन मैकेंजी लिटिल 64.27 मीटर के थ्रो से दूसरे स्थान पर रहीं। भारत की एक अन्य एथलीट शिल्पा रानी (54.62 मीटर) के प्रक्षेप से सातवें स्थान पर रहीं।

अन्नु रानी से पहले राष्ट्रमंडल खेलों में काशीनाथ नायक और ओलंपिक चैम्पियन नीरज चोपड़ा पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में क्रमश: कांस्य और स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। नायक ने 2010 दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में जबकि चोपड़ा ने 2018 गोल्ड कोस्ट में पदक जीते थे।

पुरुषों की 10 हजार मीटर पैदल चाल में संदीप को कांस्य

उधर पुरुषों की 10,000 मीटर पैदल चाल स्पर्धा में संदीप कुमार ने कांस्य पदक जीता। शनिवार को महिलाओं की 10 हजार मीटर पद चाल में प्रियंका गोस्वामी ने रजत पदक जीता था।

संदीप ने 38:49.21 मिनट का समय निकाला, जिससे वह स्वर्ण पदक विजेता कनाडा के इवान डनफी (38:36.37) और रजत पदक विजेता आस्ट्रेलिया के डेकलान टिनगे (38:42.33) से पीछे रहे। इस स्पर्धा में एक अन्य भारतीय अमित खत्री सत्र के अपने सर्वश्रेष्ठ समय 43:04.97 से नौवें स्थान पर रहे।

महिला 4 गुणा 100 मीटर रिले में पांचवां स्थान

फिलहाल भारत की दुती चंद, हिमा दास, सरबनी नंदा और ज्योति याराजी महिलाओं की 4×100 मीटर रिले फाइनल में 43.81 के समय के साथ पांचवां स्थान पा सकीं

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code