1. Home
  2. हिन्दी
  3. महत्वपूर्ण
  4. कहानियां
  5. पश्चिमी विक्षोभ का असर : उत्तर भारत सहित देश के कई हिस्सों में इस हफ्ते आंधी-पानी का रहेगा जोर
पश्चिमी विक्षोभ का असर : उत्तर भारत सहित देश के कई हिस्सों में इस हफ्ते आंधी-पानी का रहेगा जोर

पश्चिमी विक्षोभ का असर : उत्तर भारत सहित देश के कई हिस्सों में इस हफ्ते आंधी-पानी का रहेगा जोर

0
Social Share

नई दिल्ली, 12 मई भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में बुधवार को आंधी और बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। बीते सप्ताह उभरे पश्चिमी विक्षोभ के कारण देश के इन हिस्सों में आंधी-पानी का जोर पूरे सप्ताह रह सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ लद्दाख के पूर्व में चला गया है। एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ ईरान के पूर्वी हिस्सों और उससे सटे अफगानिस्तान पर देखा जा सकता है। वहीं, विदर्भ और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा भूमध्यरेखीय हिंद महासागर और दक्षिण अरब सागर के मध्य भागों में भी एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना है। इस कारण देश के अधिकतर राज्यों में मौसम बदला हुआ नजर आ रहा है।

अगले 24 घंटे के दौरान पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ धूल भरी आंधी और एक-दो स्थानों पर ओले गिरने के आसार हैं। पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़, केरल व लक्षद्वीप के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।

जम्मू-कश्मीर, गिलगित बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, कर्नाटक के कुछ हिस्सों, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा, झारखंड के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। उत्तर और पूर्व मध्य प्रदेश, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश और अंडमान और निकोबार द्वीप के कुछ हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

इस बीच पिछले 24 घंटे के दौरान बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और केरल के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हुई। उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा के कुछ हिस्सों और शेष पूर्वी भारत में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। दिल्ली एनसीआर, विदर्भ, तमिलनाडु और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पर हल्की बारिश हुई जबकि बिहार के कुछ हिस्सों में बिजली गिरने की घटनाएं हुई।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code