लोकसभा चुनाव : छठे चरण में शाम 5 बजे तक 57.70 प्रतिशत मतदान, बंगाल 77.99 फीसदी वोटिंग के साथ सबसे आगे

नई दिल्ली, 25 मई। लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण में शनिवार को छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 58 लोकसभा सीटों पर शाम पांच बजे तक 57.70 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार देश के कई मतदान केंद्रों पर शाम छह बजे के बाद भी लाइनें देखी गईं।

चुनाव आयोग के अनुसार मतदान के मामले में पांचवें चरण की भांति आज भी पश्चिम बंगाल ने सुबह से ही बढ़त बना रखी थी। कुछ जगहों पर हिंसा की खबरों के बीच पश्चिम बंगाल में शाम पांच बजे तक सबसे अधिक 77.99 फीसदी मतदान दर्ज किया गया तो उस अवधि तक जम्मू-कश्मीर में सबसे कम 51.35 प्रतिशत मतदान हुआ था।

दोपहर पांच बजे तक मतदान प्रतिशत का विवरण

  • बिहार : 52.24%
  • हरियाणा : 55.93%
  • जम्मू-कश्मीर : 51.35%
  • झारखंड : 61.41%
  • दिल्ली : 53.73%
  • ओडिशा : 59.60%
  • उत्तर प्रदेश : 52.02.%
  • पश्चिम बंगाल : 77.99%

छठे चरण में कुल 889 उम्मीदवार जोर आजमाइश कर रहे

छठे चरण में कुल 889 उम्मीदवार जोर आजमाइश कर रहे हैं। इनमें बिहार की आठ सीटों के लिए 86, हरियाणा की 10 सीटों के लिए 223, जम्मू-कश्मीर की एक सीट (राजौरी-अनंतनाग) के लिए 20, झारखंड की चार सीटों के लिए 93, दिल्ली की सभी सात सीटों के लिए 162, ओडिशा की छह सीटों के लिए 64, उत्तर प्रदेश की 14 सीटों के लिए 162 और पश्चिम बंगाल की आठ सीटों के लिए 69 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। लोकसभा के साथ ओडिशा विधानसभा की 42 सीटों पर भी मतदान हो रहा है।

इन दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर

छठे चरण में कुछ केंद्रीय मंत्रियों सहित कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है। इनमें धर्मेंद्र प्रधान, राव इंद्रजीत सिंह और कृष्णपाल गुर्जर के अलावा मेनका गांधी, संबित पात्रा, मनोहर लाल खट्टर, मनोज तिवारी, पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस नेता राज बब्बर और कन्हैया कुमार शामिल हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular