1. Home
  2. राज्य
  3. उत्तरप्रदेश
  4. यूपी : दीपोत्सव पर 26 लाख 17 हजार दीयों से रोशन हुई रामनगरी, अयोध्या ने गिनीज बुक में दर्ज कराए 2 रिकॉर्ड
यूपी : दीपोत्सव पर 26 लाख 17 हजार दीयों से रोशन हुई रामनगरी, अयोध्या ने गिनीज बुक में दर्ज कराए 2 रिकॉर्ड

यूपी : दीपोत्सव पर 26 लाख 17 हजार दीयों से रोशन हुई रामनगरी, अयोध्या ने गिनीज बुक में दर्ज कराए 2 रिकॉर्ड

0
Social Share

अयोध्या, 19 अक्टूबर। छोटी दिवाली के अवसर पर रामनगरी अयोध्या में रविवार की शाम नौवें दीपोत्सव 2025 की धूम रही। भगवान राम के आगमन की खुशी में राम की पैड़ी सहित 56 घाटों पर एक साथ 26 लाख 17 हजार 215 दीये जलाए गए। इसके अलावा सरयू तट पर 2100 वेदाचार्यों ने महाआरती की। ये दोनों विश्व रिकॉड गिनीज बुक में दर्ज किए गए।

इसी क्रम में 1100 ड्रोन के जरिए विशेष लेजर शो भी हुआ। साकेत महाविद्यालय से झांकियों और शोभायात्रा के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोभायात्रा का रथ भी खींचा। उन्होंने हेलीकॉप्टर से उतरे राम-लक्ष्मण और सीता का स्वागत किया।

रिचर्ड स्टेनिंग बोले – हमने अद्भुत प्रदर्शन देखा, यह अविश्वसनीय

अयोध्यानगरी में उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से दो नए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के निर्णायक रिचर्ड स्टेनिंग ने कहा, ‘हमने आज अद्भुत प्रदर्शन देखा। 26,17,215 तेल के दीये जलाए गए। हर साल यह संख्या बढ़ती जा रही है। यह अविश्वसनीय है।’

प्रमाण पत्र मिलने के बाद सीएम योगी के चेहरे पर खिली मुस्कान

अयोध्या में दीपोत्सव समारोह के दौरान दो नए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित होने के प्रमाण पत्र भी सौंपे गए। एक साथ सबसे ज्यादा दीये जलाने का विश्व कीर्तिमान बना जबकि अयोध्या जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग की ओर से 26,17,215 तेल के दीयों की सबसे बड़ी प्रदर्शनी भी आयोजित की गई। वहीं प्रमाण पत्र लेने के दौरान सीएम योगी काफी खुश दिखाई दे रहे थे।

दरअसल, दीपोत्सव में अवध विश्वविद्यालय सहित महाविद्यालय व सामाजिक संगठनों से जुड़े 32 हजार स्वयंसेवकों की मेहनत रंग लाई। बीते 17 अक्टूबर से 56 घाटों पर 28 लाख से अधिक दीपों को बिछाए जाने का कार्य पूरा हुआ था और रविवार की देर शाम 15 मिनट में सभी दीये रोशन हो गए।

सीएम योगी बोले – भारत एक रहेगा तो श्रेष्ठ रहेगा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि अयोध्या का राम मंदिर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का प्रतीक है। भारत एक रहेगा तो श्रेष्ठ रहेगा। इससे दीपोत्सव के इस कार्यक्रम को हर त्यौहार पर आयोजित करने का मौका मिलेगा। इससे कोई आस्था को अपमानित नहीं कर पाएगा। दीपोत्सव कुम्हार और प्रजापति जाति के लोगों के परिश्रम का परिणाम है। विपक्ष नहीं चाहता था कि इन्हें काम दिया जाए।

रामद्रोहियों को अच्छा नहीं लग रहा अयोध्या का दीपोत्सव

सीएम योगी ने सभी स्वयंसेवकों को इस पल की बधाई देते हुए कहा कि जो लोग आस्था का अपमान करते थे, जिन लोगों ने अयोध्या की गलियों को राम भक्तों और कार सेवकों की शरीर को छलनी कर खून से लाल किया था, आज उनको अयोध्या के यह दीपोत्सव का कार्यक्रम भी अच्छा नहीं लग रहा है। रामद्रोहियों को अयोध्या का दीपोत्सव कैसे अच्छा लग सकता है।

उन्होंने समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग लोग प्रदेश की सत्ता में रहते हुए दीपोत्सव का, रंग उत्सव का या देव दीपावली के कार्यक्रम से कोसों दूरी बनाए रखते थे, लेकिन प्रदेश के खजाने को सैफई महोत्सव और कब्रिस्तान की बाउंड्रीवॉल पर खर्च करते थे।

दीपोत्सव के जरिए यूपी की पहचान बनाने की कोशिश

सीएम योगी ने कहा, ‘मैं प्रदेशवासियों को दीपोत्सव 2025 की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। दीपोत्सव के इस कार्यक्रम के माध्यम से हमने उत्तर प्रदेश की एक पहचान बनाने का प्रयास किया है। नागरिकों की पहचान से समझौता न हो और कोई भी उनकी आस्था से खिलवाड़ न हो, इसके लिए डबल इंजन की सरकार बनने के बाद से निरंतर प्रयास किए गए हैं।

राज्यपाल और दोनों डिप्टी सीएम का कार्यक्रम निरस्त

हालांकि दीपोत्सव कार्यक्रम सीएम योगी ही शामिल हो सके और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उप मुख्यमंत्रीद्वय केशव प्रसाद मौर्य व बृजेश पाठक का दौरा अपरिहार्य कारणों से निरस्त हो गया। पहले राज्यपाल के साथ ही उत्तर प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्रियों को भी कार्यक्रम में शामिल होना तय था। सीएम योगी के साथ पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह और कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही भी मौजूद थे।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कसा तंज

इस बीच दोनों उप मुख्यमंत्रियों के दौरे निरस्त होने को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं भी गरम हो गई। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तंज कसते हुए लिखा, ‘जनता पूछ रही है कि यूपी भाजपा सरकार में उप मुख्यमंत्री के दोनों पद समाप्त कर दिए गए हैं क्या? विज्ञापन में कनिष्ठ मंत्रियों के नाम तो दिख रहे, लेकिन डिप्टी सीएम साहब लोगों के नहीं। कहीं यहां भी हाता नहीं भाता या प्रभुत्ववादी सोच तो हावी नहीं हो गई। अबकी बार डिप्टी सीएम बाहर।’

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code