Homeहिन्दीअंतरराष्ट्रीयजापान के हानेडा हवाई अड्डे पर 2 विमानों की टक्कर, विमान में...

जापान के हानेडा हवाई अड्डे पर 2 विमानों की टक्कर, विमान में लगी भीषण आग, सभी 379 यात्रियों को बचाया गया

टोक्यो, 2 जनवरी। बमुश्किल 24 घंटे पहले भूकंप के कई झटकों से हिल चुके जापान में मंगलवार की शाम विमान हादसा हो गया, जब हानेडा हवाई अड्डे के रनवे पर दो विमानों की टक्कर के बाद एक यात्री विमान में भीषण आग लग गई। विमान में 379 यात्री सवार थे। हालांकि सभी यात्रियों और चालक दल को बचा लिया गया है।

जापानी न्यूज एजेंसी एनएचके के अनुसार एयरपोर्ट पर लैंडिंग के वक्त दो विमानों में टक्कर के बाद एक विमान रनवे पर ही धू-धू कर जल गया। हवाई अड्डे के एक प्रवक्ता ने कहा कि घटना के बाद हानेडा ने सभी रनवे बंद कर दिए हैं। दो विमानों में से एक विमान जापान एयरलाइंस का जबकि दूसरा विमान कोस्ट गार्ड का बताया जा रहा है।

https://twitter.com/nhk_news/status/1742112904415944931

सभी यात्रियों और चालक दल को बचाया गया

जापानी मीडिया के अनुसार जिस फ्लाइट नंबर JAL 516 ने होक्काइडो से उड़ान भरी थी। विमान स्थानीय समयानुसार 16.00 बजे न्यू चिटोस हवाई अड्डे से रवाना हुआ और 17.40 बजे हानेडा में उतरने वाला था। एनएचके पर लाइव फुटेज में विमान की खिड़कियों से आग की लपटें निकलती दिखाई दीं। एयरलाइन ने कहा कि सभी यात्रियों और चालक दल को निकाल लिया गया है।

कोस्ट गार्ड के विमान में सवार थे छह लोग

जापान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, कोस्ट गार्ड ने कहा है कि उसका एक विमान हानेडा एयरपोर्ट पर जापान एयरलाइंस के एक विमान से टकरा गया। कोस्ट गार्ड के विमान में कुल 6 लोग सवार थे। घटना के बाद इनमें से पांच लोग लापता हो गए, लेकिन उनका पता लगा लिया गया है।

जापान में 1985 में हुई थी सबसे भीषण दुर्घटना

गौरतलब है कि जापान में दशकों से कोई गंभीर विमान दुर्घटना नहीं हुई है। देश की अब तक की सबसे भीषण दुर्घटना 1985 में हुई थी, जब टोक्यो से ओसाका जा रहा एक JAL जंबो जेट मध्य गुनमा क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। तब, 520 यात्रियों और चालक दल की मौत हो गई थी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments