न्यूयॉर्क, 10 सितम्बर। वर्ष के चौथे व अंतिम ग्रैंड स्लैम समारोह यानी यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट में बुधवार की रात पुरुष व महिला एकल की सेमीफाइनल लाइनअप तय हो गई। इस क्रम में विश्व नंबर एक जर्मन स्टार एलेक्जेंडर ज्वेरेव ने हमवतन पूर्व दिग्गज बोरिस बेकर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ते हुए फ्लशिंग मेडोज के हार्डकोर्ट पर करिअर में जहां तीसरी बार अंतिम चार का टिकट सुरक्षित किया वहीं दूसरी सीड कजाखिस्तानी एलेना रिबाकिना ने क्वार्टर फाइनल में कठिन जीत के साथ ही अगले सोमवार को जारी होने वाली नवीनतम WTA विश्व रैंकिंग में अपनी नंबर एक पोजीशन पक्की कर ली।
Alexander Zverev is into the US Open semifinals with a straight-set win! pic.twitter.com/vR8ZabeF4X
— US Open Tennis (@usopen) September 10, 2026
आर्थर ऐश स्टेडियम पर खेले गए पिछली रात के अंतिम पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल में सर्वोच्च वरीय ज्वेरेव ने 70वें क्रम के 30 वर्षीय डच स्पर्धी बोटिक वैन डी जैंडशल्प को दो घंटे 17 मिनट में 6-2, 7-5, 6-1 से परास्त किया।
ज्वेरेव ने हमवतन बोरिस बेकर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा
इसी वर्ष रोलां गैरों की लाल बजरी की सतह पर करिअर का पहला मेजर खिताब (फ्रेंच ओपन) जीतने वाले 29 वर्षीय ज्वेरेव चालू सत्र में 51 मैच जीतकर ATP टूर में सबसे आगे हैं। इसी क्रम में उन्होंने मौजूदा सत्र में 23 मेजर मैच जीते हैं, जो किसी भी जर्मन पुरुष खिलाड़ी का नया रिकॉर्ड है। अंतिम बार बोरिस बेकर ने 1989 में 22 मेजर जीत का रिकॉर्ड बनाया था।
Friday's matchups at the US Open are set 🔒 pic.twitter.com/HxGcEV9hqc
— US Open Tennis (@usopen) September 10, 2026
ज्वेरेव की अब विश्व नंबर 50 रूसी खाचानोव से होगी मुलाकात
अपने 13वें मेजर सेमीफाइनल में पहुंचे ज्वेरेव का अब शुक्रवार को विश्व नंबर 50 रूसी करेन खाचानोव से मुकाबला होगा। हालांकि ज्वेरेव का उनके खिलाफ लेक्सस ATP हेड-टू-हेड सीरीज में 6-3 का रिकॉर्ड है, जिसमें 2021 टोक्यो ओलम्पिक के स्वर्ण पदक मैच में मिली जीत भी शामिल है।
Karen Khachanov advances to the US Open semifinals after Alexander Blockx retires due to injury. pic.twitter.com/e2pwbwUTq8
— US Open Tennis (@usopen) September 9, 2026
ब्लॉकक्स ने चोट के चलते तीसरे सेट में खाचानोव के खिलाफ मैच छोड़ा
सेंटर कोर्ट पर ही 28वीं सीड लेकर उतरे खाचानोव अपने तीसरे मेजर सेमीफाइनल में पहुंचे, जब तीसरे सेट की शुरुआत में ही 34वें क्रम के एलेक्जेंडर ब्लॉकक्स को चोट के कारण मैच छोड़ना पड़ा। 21 वर्षीय बेल्जियन स्पर्धी ने जब मैच छोड़ा, तब 30 वर्षीय खाचानोव 6-2, 7-5, 3-2 से आगे चल रहे थे। ब्लॉकक्स अपने पहले मेजर क्वार्टर फाइनल मैच के दौरान शरीर के ऊपरी हिस्से में दर्द की वजह से कई बार मेडिकल ब्रेक ले चुके थे।
Karen is through to the semifinals.
A tough end for Blockx, who retires through injury. Wishing him a speedy recovery ❤️🩹 pic.twitter.com/za9utOpYLV
— US Open Tennis (@usopen) September 9, 2026
रिबाकिना पहली बार फ्लशिंग मेडोज में सेमीफाइनल तक पहुंचीं
उधर महिला एकल क्वार्टर फाइनल में नंबर 2 सीड एलेना रिबाकिना ने दो घंटे 14 मिनट में 3-6, 6-1, 6-4 की जीत से चीनी क्वालीफायर झेंग किनवेन का सफर खत्म किया और यहां पहली बार सेमीफाइनल में जगह बनाई। 27 वर्षीय रिबाकिना इसके साथ ही अगले सप्ताह की PIF WTA रैंकिंग में 30वीं WTA विश्व नंबर एक खिलाड़ी जाएंगी।
ON TOP OF THE WORLD 🌍 pic.twitter.com/RR5cONuvGa
— US Open Tennis (@usopen) September 9, 2026
सबालेंका का शीर्ष पर 99 हफ्ते का सफर खत्म करेंगी रिबाकिना
दिलचस्प यह है कि रिबाकिना ने यूएस ओपन की शुरुआत उन चार खिलाड़ियों में से एक के तौर पर की थी, जो नंबर एक रहकर पर खत्म कर सकती थीं, और सेमीफाइनल में जगह बनाने से उनकी रैंकिंग पक्की हो गई। इसके साथ ही एरिना सबालेंका का टॉप पर 99 हफ्ते का सफर खत्म हो जाएगा जबकि जेसिका पेगुला और कोको गॉफ को नंबर एक बनने के अपने पहले मौके का इंतजार करना होगा।
A semifinal blockbuster 🎬 pic.twitter.com/56rHm7SILd
— US Open Tennis (@usopen) September 9, 2026
रिबाकिना की अब अमेरिकी कोको गॉफ से होगी टक्कर
तीसरे सेट में 4-3 से पीछे चल रही रिबाकिना को एक ब्रेक प्वॉइंट का सामना करना पड़ा, जिससे झेंग मैच जीतने से बस एक गेम दूर रह जातीं। लेकिन रिबाकिना ने नेट की तरफ तेज दौड़ लगाते हुए ब्रेक अंक बचाया और फिर लगातार छह अंक और आखिरी तीन गेम जीतकर जीत पक्की की। इसी वर्ष ऑस्ट्रेलियाई ओपन खिताब भी जीत चुकीं रिबाकिना की आज ही रात चतुर्थ वरीय अमेरिकी कोको गॉफ से टक्कर होगी।
Coco Gauff never, ever, ever, ever, EVER gives up ✊ pic.twitter.com/vi7gMzgsyk
— US Open Tennis (@usopen) September 9, 2026
गॉफ ने मीरा एंड्रीवा के खिलाफ मैच अंक से वापसी की
वर्ष 2023 में उपाधि जीत चुकी कोको गॉफ ने पांचवीं सीड रूसी मीरा एंड्रीवा को दो घंटे 19 मिनट तक खिंची कश्मकश में 2-6, 7-6 (7), 6-2 से हराया और दूसरी बार अमेरिकी ओपन के अंतिम चार में जगह बना ली। हालांकि गॉफ ने एक सेट हारने के बाद वापसी की और दूसरे सेट के टाई-ब्रेक में दो मैच अंक बचाए।
The top four made it through 👊 pic.twitter.com/GRAYnng2Cv
— US Open Tennis (@usopen) September 9, 2026
ओपन युग में सिर्फ दूसरी बार शीर्ष 4 सीडेड महिला खिलाड़ी अंतिम 4 में पहुंचीं
गॉफ के एरिना सबालेंका, रिबाकिना और जेसिका पेगुला के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश के साथ ही ओपन युग में यह केवल दूसरी बार है, जब टॉप 4 सीडेड खिलाड़ियों ने US ओपन महिला एकल के सेमीफाइनल में जगह बनाई है। ऐसा वाकया सिर्फ 1975 में देखने को मिला था, जब क्रिस एवर्ट, वर्जीनिया वेड, मार्टिना नवरातिलोवा और इवोन गुलागोंग कॉली अंतिम चार में पहुंची थीं।


