मुंबई, 10 सितम्बर। घरेलू शेयर बाजार में पिछले तीन दिनों से जारी गिरावट गुरुवार को थमी और दिनभर सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव के बाद दोनों मानक सूचकांक हल्की बढ़त के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 138 अंक चढ़ गया। वहीं एनएसई निफ्टी में 46 अंकों का सुधार हुआ।
बाजार विशेषज्ञों का कहना था कि वैश्विक तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर रहने से पूरे दिन निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता सीमित रही। निवेशकों ने बाजार में अपनी हिस्सेदारी कम रखी, जिससे ज्यादातर समय कारोबार एक सीमित दायरे में रहा। हालांकि कारोबार के अंतिम घंटे में एचडीएफसी बैंक और एक्सिस बैंक जैसे प्रमुख शेयरों में लिवाली से बाजार में तेजी आई।
सेंसेक्स 138.36 अंक बढ़कर 74,902.59 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 138.36 अंक यानी 0.19 प्रतिशत बढ़कर 74,902.59 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव के बीच इसने 74,910.96 पर दिन का उच्चस्तर देखा जबकि नीचे में 74,598.47 अंक तक आया। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 15 के स्टॉक हरे निशान पर रुके तो 15 में कमजोरी रही।
निफ्टी 46.30 अंकों के सुधार से 23,477.80 पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 46.30 अंक यानी 0.20 प्रतिशत बढ़कर 23,477.80 अंक पर बंद हुआ। सूचकांक कारोबार के दौरान ऊंचे में 23,494.95 अंक व नीचे में 23,380.10 अंक तक गया। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 24 के स्टॉक मजबूत हुए तो 26 में गिरावट दर्ज की गई।
व्यापक बाजार में बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.16 प्रतिशत चढ़ा जबकि मिडकैप सेलेक्ट में 0.34 प्रतिशत की गिरावट रही।
सेक्टोरल इंडेक्स पर नजर डालें तो बीमा 0.58 प्रतिशत, टॉप-10 बैंक 0.52 प्रतिशत, बैंकएक्स 0.36 प्रतिशत, निजी बैंक सूचकांक 0.35 प्रतिशत, वित्तीय सेवाएं 0.34 प्रतिशत और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक 0.32 प्रतिशत चढ़े। इसके विपरीत पूंजीगत सामान 0.99 प्रतिशत, दूरसंचार 0.91 प्रतिशत, धातु 0.67 प्रतिशत और अस्पताल 0.48 प्रतिशत टूटे।
पावर ग्रिड के शेयर सर्वाधिक 2.27 फीसदी चढ़े
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में पावर ग्रिड के शेयर सर्वाधिक 2.27 फीसदी चढ़े। एक्सिस बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, एनटीपीसी, टेक महिंद्रा, भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक और लार्सन एंड टुब्रो के शेयर भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। इसके विपरीत एचसीएल टेक, टाटा स्टील, ट्रेंट और आईटीसी नुकसान के शेयर नुकसान में रहे।
एफआईआई ने 582.99 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 582.99 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। वहीं अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में ब्रेंट कच्चा तेल 1.19 प्रतिशत बढ़कर 102.2 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।


