मजबूरी में युवा इजरायल में रोजगार को विवश: अखिलेश ने सरकार पर बोला हमला

सहारनपुर। युवाओं को रोजगार के लिये इजरायल भेजे जाने के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर पलटवार करते हुये समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि रोजगार नहीं मिलने के कारण भारतीय युवाओं को मजबूरी में युद्धग्रस्त इजरायल का रुख करना पड़ रहा है।

एक कार्यक्रम में शामिल होने आये अखिलेश यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार चरम पर है। नौजवानों को नौकरी, रोजगार नहीं मिल रहा है। हालत यह है कि गरीब बच्चे घर-परिवार गांव, खेत, सगे सम्बन्धियों को छोड़कर युद्धग्रस्त देश इजरायल में जाने पर विवश हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि अगर सरकार को इस बात का गर्व है, तो जो बच्चे इजरायल गए हैं उनकी सूची जारी करें और यह भी बताएं कि वहां वे क्या काम कर रहें हैं और किस तरह का काम उनसे लिया जा रहा है। ज्ञातव्य है कि मंगलवार को विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुये कहा था कि वह संसद में फिलिस्तीन का बैग लेकर चल रही हैं जबकि भाजपा सरकार के कार्यकाल में युवा इजरायल नौकरी के लिये जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संविधान, लोकतंत्र और विकास विरोधी है। भाजपा संविधान पर नहीं चलना चाहती है। यह लोकतंत्र पर भरोसा नहीं करती है। भाजपा नफरत और भेदभाव की राजनीति कर रही है। देश में जगह-जगह खोदने से देश का सौहार्द खो जाएगा। भाजपा और उसकी विचारधारा के लोग देश का भाईचारा खत्म कर रहे हैं। देश में प्लेसेज ऑफ वर्शिप कानून है लेकिन भाजपा कानून और संविधान नहीं मान रही है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी भाजपा की नफरत की राजनीति के खिलाफ लड़ रही है। सपा उन सबके साथ है जो भाजपा को हराने के लिए आगे आएंगे। सपा किसानों की मांगों का समर्थन करती है। किसानों की बात प्राथमिकता से मानी जाये।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में सरकारी अस्पतालों में इलाज नहीं मिल रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं को बर्बाद कर दिया है। भाजपा ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर का अपमान किया है। भाजपा के लोग बाबा साहब का सम्मान नहीं करते हैं। बाबा साहब के बनाएं संविधान को नहीं मानते हैं। भाजपा सरकार संविधान विरोधी कार्य करती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular