1. Home
  2. हिंदी
  3. खेल
  4. विश्व विजेता टीम इंडिया की मुंबई में विजय परेड : भारतीय रणबांकुरों के स्वागत में समंदर किनारे उमड़ा जनसैलाब
विश्व विजेता टीम इंडिया की मुंबई में विजय परेड : भारतीय रणबांकुरों के स्वागत में समंदर किनारे उमड़ा जनसैलाब

विश्व विजेता टीम इंडिया की मुंबई में विजय परेड : भारतीय रणबांकुरों के स्वागत में समंदर किनारे उमड़ा जनसैलाब

0
Social Share

मुंबई, 4 जुलाई। ICC टी20 विश्व कप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम स्वदेश वापसी के बाद गुरुवार की शाम मायानगरी मुंबई में विक्ट्री परेड निकाली। समंदर किनारे मरीन ड्राइव से वानखेड़े स्टेडियम तक नीले रंग की ओपन बस में सवार भारतीय रणबांकुरों के स्वागत में प्रशंसकों का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

सच पूछें तो 17 वर्ष पहले का वह दृश्य ताजा हो उठा, जब 2007 में महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई में भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप का पहला संस्करण जीतकर दक्षिण अफ्रीका से लौटी थी और मुंबई में इसी तरह विक्ट्री परेड निकाली गई थी।

आज परेड के दौरान समंदर किनारे ‘बूम-बूम बुमराह’ भी गूंजता सुनाई दे रहा था। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अपने X हैंडल पर 𝙎𝙀𝘼 𝙊𝙁 𝘽𝙇𝙐𝙀 शीर्षक से एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें क्रिकेट प्रशंसकों का सैलाब देखा जा सकता है।

उल्लेखनीय है कि ब्रिजटाउन से भारतीय टीम आज सुबह ही दिल्ली पहुंची थी, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद उसने दोपहर को मुंबई की उड़ान पकड़ी। शाम को टीम इंडिया के खिलाड़ी मुंबई एयरपोर्ट से सीधे विक्ट्री परेड के लिए निकल पड़े।

ओपन बस में सवार टीम इंडिया के सितारों ने पूरे रास्ते अपने प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार किया। बस के अगले हिस्से पर खड़े रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह, शिवम दुबे, अर्शदीप सिंह, व यशस्वी जायसवाल हाथ हिलाकर फैंस का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे। विश्व कप के साथ ही मुख्य कोच का कार्यकाल पूरा कर चुके राहुल द्रविड़ तो खिलाड़ियों से ज्यादा झूमते दिखाई दे रहे थे, जिन्हें शांत स्वाभाव के लिए जाना जाता है।

चैम्पियन सितारों ने वानखेड़े स्टेडियम में किया डांस

विक्ट्री परेड समाप्त होने के बाद चैम्पियन टीम अपने स्वागत के लिए वानखेड़े स्टेडियम पहुंची। वहां खिलाड़ियों ने ढोल-नगाड़ों पर जमकर डांस किया। इस समारोह के लिए वानखेड़े स्टेडियम के गेट अपराह्न चार बजे खोल दिए गए थे और शाम होते-होते सभी दर्शक दीर्घाएं खचाखच भर चुकी थीं।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code