आईपीएल-19 : सत्र का सर्वोच्च स्कोर ठोकने के बाद SRH लक्ष्य का बचाव करने वाली पहली टीम बनी, KKR फिर परास्त

कोलकाता, 2 अप्रैल। टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) के उद्घाटन मैच में मौजूदा चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के हाथों परास्त होने वाले सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने गुरुवार की रात यहां ईडन गार्डन्स में बल्ले व गेंद से समग्र प्रदर्शन का शानदार नजारा प्रस्तुत किया। इसका परिणाम भी सामने आया, जब ईशान किशन एंड कम्पनी मौजूदा सत्र का सर्वोच्च स्कोर खड़ा करने के बाद 65 रनों की बड़ी जीत से लक्ष्य का बचाव करने वाली पहली टीम भी बन गई।

क्लासेन, अभिषेक, हेड व नीतीश ने SRH को 226 रनों तक पहुंचाया

सिक्के की उछाल गंवाने वाले सनराइजर्स ने हेनरिच क्लासेन (52 रन, 35 गेंद, एक छक्का, चार चौके), ओपनरद्वय अभिषेक शर्मा (48 रन, 21 गेंद, चार छक्के, चार चौके) व ट्रैविस हेड (46 रन, 21 गेंद, तीन छक्के, छह चौके) एवं नीतीश कुमार रेड्डी (39 रन, 24 गेंद, एक छक्का, चार चौके) की ताबड़तोड़ पारियों और इनके बीच दो बहुमूल्य भागीदारियों से आठ विकेट पर 226 रन ठोक दिए। इस क्रम में हैदराबादी टीम ने केकेआर का ही मौजूदा सत्र का रिकॉर्ड तोड़ा, जिसे दूसरे मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 220 रन बनाने के बावजूद हार झेलनी पड़ी थी।

अंगकृष का विस्फोटक पचासा नाकाम, केकेआर 161 पर सीमित

जवाबी काररवाई में अंगकृष रघुवंशी का विस्फोटक अर्धशतकीय प्रयास (52 रन, 29 गेंद, दो छक्के, छह चौके) नाकाफी साबित हुआ और जयदेव उनादकट (3-21), ईशान मलिंगा (2-14) व बल्ले के बाद गेंद से भी दम दिखाने वाले ‘प्लेयर ऑफ  मैच’ नीतीश रेड्डी (2-17) के सामने घरेलू टीम 16 ओवरों में 161 रनों पर सीमित हो गई।

मौजूदा सत्र में टॉस गंवाने वाली टीम पहली बार जीती

मौजूदा सत्र में अब तक खेले गए छह मैचों पर गौर करें तो यह पहला मौका था, जब टॉस गंवाने वाली कोई टीम जीत हासिल करने में सफल रही। शुरुआती पांचों मैचों में टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने वाली टीमों की जीत हुई थी। इस प्रकार देखें तो पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को पहली बार जीत नसीब हुई।

केकेआर की लगातार दूसरी पराजय

साथ ही यह लगातार दूसरा दिन था, जब घरेलू टीम को पराजय झेलनी पड़ी। पिछली रात लखनऊ में लखनऊ सुपर जाएंट्स को दिल्ली कैपिटल्स ने शिकस्त दी थी। गौर करने वाली बात तो यह है कि केकेआर को लगातार दूसरी पराजय झेलनी पड़ी। दूसरे दिन उसे मुंबई में मेजबान एमआई ने मात दी थी। वहीं एसआरएच का खाता खुल गया, जिसे पहले दिन आरसीबी ने हराया था।

स्कोर कार्ड

मुकाबले की बात करें तों कठिन लक्ष्य के सामने फिन एलन (28 रन, सात गेंद, दो छक्के, चार चौके) ने उसी अंदाज में शुरुआत की, जैसा इसी पिच पर बीते T20 विश्व कप के सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तूफानी शतक के दौरान दिखा था। उन्होंने डेविड पेन के एक ओवर में 24 रन ठोककर लक्ष्य का पीछा शुरू किया। लेकिन दूसरे छोर से हर्ष दुबे ने उन्हें अपनी ही गेंद पर लपक लिया। वहीं आईपीएल में अपना 200वां मैच खेलने उतरे कप्तान अजिंक्य रहाणे (आठ रन) फिर नहीं चले।

अंगकृष व रिंकू के प्रयासों के बावजूद KKR 16 ओवरों में ही सीमित

हालांकि अंगकृष रघुवंशी ने अपने भरसक संघर्ष किया और 27 गेंदों पर जड़े गए उनके अर्धशतक का ही परिणाम था कि कलकतिया टीम दस ओवरों में 3-110 के स्कोर तक पहुंच गई थी। लेकिन इसके तुरंत बाद रघुवंशी का रन आउट होना मैच का टर्निंग प्वॉइंट साबित हुआ। फिर रिंकू सिंह (35 रन, 25 गेंद, एक छक्का, चार चौके) का सक्षिप्त संघर्ष भी बेकार गया और स्थानीय टीम निर्धारित कोटे से चार ओवर पहले ही बिखर गई।

ट्रैविस हेड व अभिषेक ने 34 गेंदों पर जोड़ दिए 82 रन

इसके पूर्व एसआरएच की पारी में ट्रैविस हेड और अभिषेक ने सिर्फ 34 गेंदों पर 82 रन जोड़कर मजबूत नींव रखी। इसके बाद केकेआर ने बीच के ओवरों में वापसी की कोशिश की, जब जिम्बाब्वे के मीडियम पेसर ब्लेसिंग मुजरबानी (4-41) व उनके सहयोगी गेंदबाजों ने 36 रनों की वृद्धि पर चार बल्लेबाजों को लौटा दिया।

क्लासेन व रेड्डी के बीच 53 गेंदों पर उड़ गए 82 रन

फिलहाल उसके बाद क्लासेन का बल्ला बोलने लगा। उन्होंने न सिर्फ 35 गेंदों पर 52 रन जड़ दिए वरन रेड्डी संग पांचवें विकेट के लिए उन्होंने 53 गेंदों पर ही 82 रनों की बहुमूल्य साझेदारी कर दी। इसी क्रम में आखिरी चार ओवरों में 51 रन उड़ गए और हैदराबादी टीम ऐसा लक्ष्य रखने में कामयाब हो गई, जो केकेआर के लिए दुसाध्य साबित हुआ।

शुक्रवार का मैच : चेन्नई सुपर किंग्स बनाम पंजाब किंग्स (चेन्नई, शाम 7.30 बजे)।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular