Site icon Revoi.in

कर्नाटक में किसकी बनेगी सरकार? सी वोटर व एबीपी न्यूज का अंतिम ओपिनियन पोल आया सामने

Social Share

नई दिल्ली, 6 मई। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए 10 मई को वोटिंग होने वाली है, जिसके नतीजों का एलान 13 मई को होगा। राज्य की 224 सीटों के लिए चुनाव हो रहा है। कांग्रेस, बीजेपी, जेडीएस जैसे दलों ने पिछले कई दिनों से चुनाव प्रचार के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रखा है।

कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी, प्रियंका, पार्टी अध्यक्ष खड़गे समेत तमाम नेताओं ने कर्नाटक में मोर्चा संभाला हुआ है तो भाजपा की ओर से खुद पीएम मोदी कई दिनों से रैलियां व रोड शो कर रहे हैं। उधर, जेडीएस ने भी पूरी ताकत झोंक रखी है।

दूसरे सर्वे में भी कांग्रेस सरकार बनाती दिख रही है

इस बीच शनिवार को ताजा ओपिनियन पोल सामने आ गया है। सी वोटर और एबीपी न्यूज के फाइनल ओपिनियन पोल में एक बार फिर से कांग्रेस सरकार बनती दिख रही है। पिछले कुछ अन्य ओपिनियन पोल में भी सी वोटर ने कांग्रेस के जीतने का ही अनुमान जताया है।

कर्नाटक में कांग्रेस, भाजपा को कितनी सीटें?

ओपिनियन पोल के अनुसार कर्नाटक में पहले नंबर की पार्टी कांग्रेस हो सकती है। उसे आसानी से बहुमत हासिल होता दिख रहा है। सर्वे में कांग्रेस को 110 से 122 सीटें तक दी गई हैं, जबकि भाजपा दूसरे नंबर पर रह सकती है। वर्तमान सरकार वाली भाजपा को कर्नाटक में 73 से 85 सीटें तक मिलने के आसार हैं। क्षेत्रीय दल जेडीएस 21 से 29 सीटों के साथ तीसरे नंबर पर रह सकती है। वहीं, अन्य के खाते में दो से छह सीटें तक जाने का अनुमान जताया गया है।

एबीपी न्यूज और सी वोटर ने दावा किया है कि यह चुनाव से पहले उनका फाइनल ओपिनियन पोल है। इसमें उन्होंने 73 हजार से ज्यादा लोगों से बात की है और उनकी राय जानी है। पिछले ओपिनियन पोल के आठ दिनों के बाद ही साढ़े हजार से ज्यादा और लोगों से उनकी राय ली गई है। राज्य की सभी 224 सीटों पर सर्वे किया गया है।