कोलकाता, 7 सितम्बर। पश्चिम बंगाल में दुर्गापूजा को लेकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को कई बड़े एलान किए। उन्होंने पूजा के उद्घाटन से लेकर DJ, विसर्जन, पूजा कार्निवल, शराबबंदी, सरकारी अनुदान और सड़कों के बंद होने तक कई मुद्दों पर दिशा-निर्देश दिए।
सीएम शुभेंदु ने कहा कि मातृ पक्ष शुरू होने से पहले दुर्गापूजा का उद्घाटन करना उचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्गापूजा के दौरान DJ बजाने की अनुमति नहीं होगी। विसर्जन के दौरान भी DJ नहीं बजाया जा सकेगा। उन्होंने पूजा समितियों से नियमों का पालन करने की अपील की।
मां दुर्गा की प्रतिमा के 11 हाथों दिखाए जाने पर मांगी माफी
मां दुर्गा की प्रतिमा में 11 हाथ दिखाए जाने के मामले पर भी मुख्यमंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित विज्ञापन एजेंसी को चेतावनी दी। साथ ही इस मामले पर क्षमा भी मांगी। उन्होंने कहा, ‘राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर माफी मांगता हूं। आज सुबह एक गलत ऐड छपा था। मैं उसके लिए माफी मांगता हूं। जिन्होंने यह गलत ऐड छापा है, उन्हें चेतावनी दी जा चुकी है। आने वाले दिनों में सरकार इस मामले में सावधान रहेगी। मैं यह बात शुरू में ही कहना चाहता हूं।’
इस वर्ष नहीं होगा पूजा कार्निवल
सीएम शुभेंदु ने घोषणा की कि इस वर्ष कोई पूजा कार्निवल नहीं होगा। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा के आयोजन के दौरान प्रशासन की ओर से तय नियमों और व्यवस्था का पालन किया जाएगा।
महालया पर ईडन गार्डन्स में होगा खास कार्यक्रम
महालया के अवसर पर इस बार कोलकाता के ईडन गार्डन्स में विशेष पूजा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किए जाने की बात कही गई है। करीब चार घंटे के इस विशेष कार्यक्रम में ड्रोन शो समेत कई आकर्षण देखने को मिलेंगे।
13 प्रमुख सड़कें बंद कर होने वाले पूजा आयोजन पर रोक
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूजा के नाम पर रेड रोड, स्ट्रैंड रोड समेत 13 प्रमुख सड़कों को बंद करके आयोजन नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था को प्रभावित किए बिना पूजा का आयोजन किया जाना चाहिए।
इस वर्ष पूजा पंडालों को बिजली पूरी तरह मुफ्त
दुर्गापूजा समितियों को राहत देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष बिजली पूरी तरह मुफ्त रहेगी। इससे पूजा आयोजकों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
जरूरतमंद समितियों को सरकार देगी 1 लाख रुपये
मुख्यमंत्री ने बड़े बजट वाली पूजा समितियों से अपील की कि वे सरकार से मिलने वाला अनुदान न लें ताकि जरूरतमंद समितियों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि जिन पूजा समितियों को आर्थिक मदद की जरूरत है, उन्हें सरकार की ओर से एक लाख रुपये का अनुदान दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अनुदान वैकल्पिक होगा। जिन आयोजकों को इसकी जरूरत होगी, वे स्थानीय पुलिस स्टेशन में आवेदन कर राशि प्राप्त कर सकेंगे।
दुर्गा अष्टमी पर बंद रहेंगी शराब की दुकानें
सीएम शुभेंदु ने यह भी बताया कि दुर्गा अष्टमी के दिन सभी शराब की दुकानें बंद रहेंगी। प्रशासन की ओर से इस संबंध में आवश्यक व्यवस्था की जाएगी।
सरकारी कर्मचारियों को पूजा के बाद दो दिनों की सवैतनिक छुट्टी
वहीं सरकारी कर्मचारियों को भी पूजा के बाद राहत दी गई है। सीएम ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों (इमरजेंसी) के लिए पूजा के बाद दो दिनों का सवैतनिक अवकाश (Paid leave) रहेगा।


