नेपाल के लिए ट्रेन का इंतजार खत्म : 31 अगस्त को होगा वाराणसी से एक्सप्रेस व पैसेंजर ट्रेनों का शुभारंभ

बहराइच, 28 अगस्त। अचानक उपजी भयावह बाढ़ की त्रासदी झेल रहे पड़ोसी नेपाल के लिए ट्रेनों के संचालन का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। इस क्रम में वाराणसी से एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को 31 अगस्त को शुभारंभ होगा। बहराइच में सांसद डॉक्टर आनंद गोंड ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअली विस्तारित रेल कनेक्विटी का शुभारंभ करेंगे।

शुरुआत में इस रूट पर चार ट्रेनों का संचालन शुरू हो रहा है। इसमें दो एक्सप्रेस व दो पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं। यह सुविधा इस जिले के लिए ही नहीं बल्कि पड़ोसी देश नेपाल के नागरिकों के सुगम पथ के लिए बेहतर होगा।

सांसद आनंद गोंड ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की सौगात से बहराइच की रेल कनेक्टिविटी को नया विस्तार मिला है। बहराइच-नेपालगंज रोड रेल खण्ड पर आमान परिवर्तन और विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो गया है।नवनिर्मित रेलवे स्टेशन नेपालगंज रोड, बाबागंज, नानपारा, मटेरा, रिसिया और बहराइच से 31 अगस्त से ट्रेनों का संचालन शुरू होगा। ब्रॉडगेज के बाद चार प्रमुख ट्रेनें प्रस्तावित और स्वीकृत की गई हैं।

14214 डाउन नेपालगंज रोड-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस तड़के 4 बजे नेपालगंज रोड से रवाना होकर दोपहर 1.35 बजे वाराणसी पहुंचेगी। वापसी में 14213 अप वाराणसी से दोपहर 2 बजे चलकर रात 11 बजे नेपालगंज रोड पहुंचेगी।इसी तरह 15131/15132 नेपालगंज रोड-वाराणसी सिटी एक्सप्रेस, और गोंडा से नेपालगंज रोड के लिए दो मेमू/पैसेंजर ट्रेनें 75109/75110 और 75111/75112 सुबह 5 बजे और दोपहर 12.30 बजे गोंडा से संचालित होंगी।सांसद ने कहा कि इससे बहराइच से वाराणसी, गोंडा की सीधी कनेक्टिविटी होगी और जनपद के विकास को गति मिलेगी।

गोरखपुर रूट पर ब्लाक, वाराणसी से गुजरेंगी कई ट्रेनें

गोरखपुर कैंट-पनियहवा रेलखंड पर स्थित गोरखपुर कैंट और उनौला स्टेशनों के बीच पैच दोहरीकरण की कमीशनिंग होनी है। इसके लिए प्री-नॉन इंटरलॉक और नॉन इंटरलॉक कार्य होंगे। साथ ही 3 सितम्बर को रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) निरीक्षण भी करेंगे। इसके कारण ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ेगा। बस्ती-गोंडा, ऐशबाग आदि रूटों पर जाने वाले यात्रियों की दिक्कत बढ़ेगी।

पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी (सीपीआरओ) सुमित कुमार ने बताया कि गोरखपुर से जुड़े कई रूटों (वाराणसी छोड़कर) की 13 गाड़ियों को अलग-अलग तिथियों में वाराणसी जंक्शन (कैंट) और बनारस होकर चलाया जाएगा। वहीं, चार जोड़ी गाड़ियों को मऊ, देवरिया सदर और भटनी में शॉर्ट टमिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट किया जाएगा। ताकि कार्य को बिना रुकावट के समय से पूरा किया जा सके।

नई समय-सारिणी पर चलेंगी बेगमपुरा और इंटरसिटी एक्सप्रेस

कैंट से छेहरटा (अमृतसर) जाने वाली सीर गोवर्धनपुर एक्सप्रेस के परिचालन के चलते वाराणसी-जम्मूतवी बेगमपुरा एक्सप्रेस और वाराणसी-बहराइच इंटरसिटी एक्सप्रेस के समय में संशोधन किया जाएगा। उत्तर रेलवे (लखनऊ मंडल) के सीनियर डीसीएम समर्थ गुप्ता ने बताया कि गाड़ी संख्या-12237 बेगमपुरा एक्सप्रेस 01 नवम्बर से तय समय दोपहर 12.40 के बजाय 15 मिनट पहले 12.25 बजे प्रस्थान करेगी। इसी तरह गाड़ी संख्या-14214 इंटरसिटी एक्सप्रेस 02 सितम्बर से दोपहर 1.35 बजे के स्थान पर दस मिनट बाद 1.45 बजे कैंट स्टेशन पहुंचेगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular