1. Home
  2. हिंदी
  3. खेल
  4. महेंद्र सिंह धोनी के जन्मदिन पर विराट कोहली ने दिया भावुक संदेश – ऐसा लीडर कोई नहीं….
महेंद्र सिंह धोनी के जन्मदिन पर विराट कोहली ने दिया भावुक संदेश – ऐसा लीडर कोई नहीं….

महेंद्र सिंह धोनी के जन्मदिन पर विराट कोहली ने दिया भावुक संदेश – ऐसा लीडर कोई नहीं….

0
Social Share

लंदन, 7 जुलाई। पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आज (सात जुलाई) अपना 41वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर विराट कोहली ने एमएसडी को खास अंदाज में बधाई दी है और ट्विटर पर एक भावुक पोस्ट साझा की है।

पूर्व कप्तान विराट कोहली ने माही को बधाई संदेश देते हुए लिखा है – ‘ऐसा लीडर कोई नहीं। आपने भारतीय क्रिकेट के लिए जो कुछ भी किया, उसके लिए धन्यवाद। आप मेरे लिए बड़े भाई के समान हैं। आपके लिए हमेशा प्यार और सम्मान रहेगा।’

 

अपने संदेश के साथ विराट कोहली ने दो तस्वीरें भी साझा की हैं, जो दोनो खिलाड़ियों के बीच प्रगाढ़ संबंधों की कहानी बयां करती हैं। इनमें एक तस्वीर में 2011 विश्व कप के साथ कोहली व धोनी तिरंगा लपेटे हुए हैं। गौरतलब है कि धोनी की अगुआई में भारत ने 2007 में टी20 विश्वकप और 2011 में वनडे विश्व कप खिताब अपने नाम किया था।

वहीं भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने पूर्व कप्तान को जन्मदिन की बधाई देने के साथ एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें धोनी के अंतरराष्ट्रीय करिअर के कुछ यादगार छक्कों की झलक शामिल है।

दिलचस्प यह है कि धोनी इस समय लंदन में ही हैं और  अपना जन्मदिन पत्नी साक्षी, बेटी जीवा और करीबी दोस्तों के साथ लंदन में मनाया। जन्मदिन पार्टी में टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत भी शामिल हुए। इसके पूर्व बुधवार को वह आल इंग्लैंड क्लब भी पहुंचे और वर्ष की तीसरी ग्रैंड स्लैम टेनिस स्पर्धा यानी विंबलडन के सेंटर कोर्ट पर जारी मुकाबलों का लुत्फ भी उठाया।

उल्लेखनीय है कि दुनिया के सबसे सफल कप्तानों में एक गिने जाने वाले महेंद्र सिंह धोनी इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं, जिनकी कप्तानी में टीम ने तीन आईसीसी खिताब जीते हैं। 2007 और 2011 में विश्व कप के अलावा धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया वर्ष 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी भी अपने नाम कर चुकी है।

इस बीच धोनी के जन्मदिन पर दुनियाभर के दिग्गज बधाई दे रहे हैं। इनमें सिर्फ क्रिकेट जगत की हस्तियां ही शामिल नहीं हैं। क्रिकेट और धोनी के बड़े प्रशंसक माने जाने वाले आनंद महिंद्रा ने भी धोनी को मुबारकबाद देते हुए लिखा है -जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं एमएस धोनी। यह एक ऐसा समय है, जब मैं नहीं चाहता कि आप एक सदी के करीब भी पहुंचें।’ आनंद महिंद्रा के कहने का मतलब है कि धोनी हमेशा ही जवान बने रहें।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code