FIFA विश्व कप 2026 : ब्राजील की आसान जीत में विनीसियस जूनियर के दो गोल, नॉकआउट में जगह पक्की

मियामी, 25 जून। पांच बार के पूर्व चैम्पियन ब्राजील ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कॉटलैंड को 3-0 से हराकर ग्रुप सी में दूसरी जीत दर्ज की और सर्वोच्च स्थान पर रहते हुए FIFA विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह पक्की कर ली। मियामी के हार्ड रॉक स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में सुपर स्टार विनीसियस जूनियर ने दो गोल दागे जबकि मैथियस कुन्हा ने एक गोल किया।

नेमार की लगभग तीन वर्षों बाद ब्राजीली टीम में वापसी

मुकाबले का उल्लेखनीय पहलू यह रहा कि चोट से जूझ रहे सुपर स्टार नेमार की लंबे समय बाद ब्राजीली टीम में वापसी हुई, हालांकि तब तक लैटिन अमेरिकी टीम मैच में 3-0 की बढ़त बना चुकी थी। फिलहाल, लगभग तीन वर्षों बाद ब्राजील की जर्सी में मैदान पर उतरे नेमार पूरी तरह से फिट और अच्छी लय में दिखाई दिए।

विनीसियस जूनियर भी गोल्डन बूट की रेस में शामिल

ब्राजील ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और स्कॉटलैंड पर लगातार दबाव बनाए रखा। मैच के छठे मिनट में ही ब्राजील ने 1-0 की बढ़त हासिल की। स्कॉटलैंड के डिफेंस से हुई गलती का फायदा उठाते हुए विनीसियस जूनियर ने शानदार गोल दागा। विनीसियस ने यह टूर्नामेंट का अपना चौथा गोल दागा और वह इस गोल के साथ ही गोल्डन बूट की रेस में शामिल हो गए हैं। उन्होंने किलियन एम्बापे और एरलिंग हालैंड की बराबरी कर ली है।

पहले गोल के बाद भी ब्राजील का दबदबा जारी रहा। विनीसियस ने एक और गोल किया था, लेकिन वीडियो असिस्टेंट रेफरी (वीएआर) की जांच के बाद उसे फाउल करार देते हुए रद कर दिया गया। हालांकि, पहले हाफ के अतिरिक्त समय में विनीसियस ने हाथ आए मौके को भुनाया और ब्राजील को मैच में 2-0 से आगे कर दिया। ब्रूनो गिमाराइश के बेहतरीन क्रॉस पर विनीसियस ने शानदार हेडर मारते हुए गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाया।

स्कॉटलैंड ने मैच में वापसी की लगातार कोशिश की, लेकिन वह ब्राजील के मजबूत डिफेंस को नहीं भेद सका। ब्राजील का तीसरा गोल मैथियस कुन्हा ने किया। ब्रूनो गुइमारेस के बेहतरीन पास पर कुन्हा ने शानदार फिनिश करते हुए टीम की बढ़त 3-0 कर दी। इस गोल ने ब्राजील की जीत पर मुहर लगाने का काम किया।

ब्राजील ने तीन मैचों में दो जीत व एक बराबरी से सात अंक अर्जित किए और ग्रुप सी में पहला स्थान हासिल किया और अब 30 जून को अंतिम 16 में प्रवेश के लिए उसका सामना ग्रुप एफ के उप विजेता से होगा, जिसका निर्धारण अभी होना है।

मोरक्को ने भी ग्रुप सी राउंड ऑफ 32 का टिकट हासिल किया

इस बीच मोरक्को ने अटलांटा स्टेडियम में हैती को 4-2 से हराकर अपनी दूसरी जीत दर्ज की और ब्राजील के बराबर ही सात अंक अर्जित किए। हालांकि गोल अंतर में पिछड़ने के कारण मोरक्को को ग्रुप में दूसरा स्थान मिला, लेकिन उसने भी नॉकआउट दौर में जगह बना ली। ग्रुप में स्कॉटलैंड तीन अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहा जबकि हैती की टीम तीन मैचों में खाता नहीं खोल सकी।

मोरक्को ने दो बार पिछड़ने के बाद हैती को परास्त किया

मुकाबले पर गौर करें तो हैती को विश्व कप के अपने 52 वर्षों के इतिहास में पहले गोल का जश्न मनाने का मौका मिल गया, जब 10वें मिनट में मोरक्को के गोलकीपर यासिन बोनू की गलती से आत्मघाती गोल हो गया। खैर, अचरफ हकीमी ने 39वें में मोरक्को का बराबरी का गोल दागा।

मध्यांतर से ठीक पहले विल्सन इसिडोर 43वें मिनट में हैती को फिर आगे किया। लेकिन पहले हाफ के अतिरिक्त समय में इस्माइल सैबरी ने मोरक्को को फिर बराबरी दिला दी। दूसरे हाफ में सूफियान रहीमी ने 78वें और जेसिम यासिन ने 89वें मिनट में गोल कर मोरक्को की जीत पर अंतिम मुहर लगाई।

RELATED ARTICLES

Most Popular