1. Home
  2. हिंदी
  3. खेल
  4. एशियाई ओलम्पिक क्वालीफायर : विनेश फोगाट ने कुश्ती में भारत को दिलाया पेरिस ओलम्पिक के लिए दूसरा कोटा
एशियाई ओलम्पिक क्वालीफायर : विनेश फोगाट ने कुश्ती में भारत को दिलाया पेरिस ओलम्पिक के लिए दूसरा कोटा

एशियाई ओलम्पिक क्वालीफायर : विनेश फोगाट ने कुश्ती में भारत को दिलाया पेरिस ओलम्पिक के लिए दूसरा कोटा

0
Social Share

बिश्केक (किर्गिस्तान), 20 अप्रैल। भारत की स्टार पहलवान विनेश फोगाट ने शनिवार को यहां एशियाई ओलम्पिक क्वालीफायर में महिलाओं के 50 किग्रा वर्ग में एक भी अंक गंवाए बिना फाइनल में प्रवेश के साथ ही पेरिस ओलम्पिक का कोटा पक्का कर लिया। यह पेरिस ओलम्पिक के लिए भारत का दूसरा कोटा है। उनसे पहले अंतिम पंघाल ने पिछले वर्ष विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीतकर 53 किग्रा वर्ग में कोटा हासिल किया था।

विनेश का लगातार तीसरा ओलम्पिक कोटा

दरअसल, 29 वर्षीया विनेश का यह लगातार तीसरा ओलम्पिक कोटा है। उन्होंने इससे पहले रियो ओलम्पिक (2016) और टोक्यो ओलम्पिक (2020) में भी हिस्सा लिया था। पिछले वर्ष भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के तत्कालीन अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों का झंडा बुलंद करने वाले पहलवानों में अगुआ विनेश ने मजबूत प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वियों को मात दी। उन्होंने पहले कोरियाई प्रतिद्वंद्वी मिरान चियोन को एक मिनट 39 सेकेंड तक चले मुकाबले में हराया। उनकी मजबूत पकड़ का विरोधी के पास कोई जवाब नहीं था।

विनेश ने अगले मुकाबले में 67 सेकेंड में कंबोडिया की एसमानांग डिट को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में कजाखस्तान की 19 वर्षीया पहलवान लॉरा गानिकिजी ने थोड़ी चुनौती पेश की, लेकिन भारतीय पहलवान ने अपने अनुभव का इस्तेमाल कर युवा प्रतिद्वंद्वी को मात दी। विनेश पहले पीरियड में 4-0 से आगे थी और इस टूर्नामेंट में वह पहली बार दूसरे पीरियड तक पहुंची। एक बार दबदबा बनाने के बाद विनेश को उसे हराने में कोई परेशानी नहीं हुई। चयन ट्रायल जीतने के बाद विनेश 50 किलोवर्ग में खेल रही है।

भारत के पास 3 और ओलम्पिक कोटा पाने का अवसर

इस प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचने वाले पहलवानों को अपने देश के लिये कोटा मिलेगा। भारत अंशु मलिक (57 किग्रा), मानसी अहलावत (62 किग्रा) और ऋतिका (76 किग्रा) के जरिए तीन और कोटे हासिल कर सकता है क्योंकि ये भी अपने वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। विश्व चैम्पियनशिप 2021 रजत पदक विजेता अंशु को क्वार्टर फाइनल में सीधे प्रवेश मिला, जिसमें उन्होंने किर्गिस्तान की कलमीरा बिलिम्बेकोवा को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हराया।

अंशु, मानसी व ऋतिका भी ओलम्पिक क्वालीफायर के सेमीफाइनल में पहुंचीं

अंडर 23 विश्व चैम्पियन ऋतिका (76 किलो) ने युंजू हवांग को हराया। पहला दौर उन्होंने तकनीकी श्रेष्ठता पर जीता। इसके बाद मंगोलिया की दावानासान एंख एमार को भी इसी तरह से मात दी । चीन की जुआंग वांग के खिलाफ आखिरी ग्रुप मुकाबले में उन्होंने 8-2 से जीत दर्ज की। मानसी अहलावत (62 किलो) भी अंतिम चार में पहुंच गई, जिसके लिए उन्हें महज एक मुकाबला जीतने की जरूरत थी।  उन्होंने कजाखस्तान की इरिना कुजनेत्सोवा को 6-4 से हराया।

हालांकि निशा दहिया (68 किलो) सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सकी। उन्होंने पहले दौर में उत्तर कोरिया की सोल गुम पाक को 8-3 से हराया। इसके बाद किर्गिस्तान की मीरिम जुमानाजारोवा से हार गई। तीसरे दौर में किर्गिस्तान की येलेना शालिगिना ने उन्हें हरा दिया। पेरिस ओलम्पिक का आखिरी विश्व क्वालीफायर तुर्की में नौ मई से खेला जाएगा।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code