चेन्नई ओपन टेनिस : वैष्णवी-ऋतुजा की जोड़ी फाइनल में हारी, करामोको-वाल्टर की स्विस टीम चैम्पियन

चेन्नई, आठ नवम्बर। नुंगमबक्कम स्थित एसडीएटी टेनिस स्टेडियम के सेंटर कोर्ट पर एक दिन पहले ही फाइनल में प्रवेश के साथ इतिहास रचने वाली वैष्णवी अडकर व ऋतुजा भोसले की भारतीय जोड़ी को WTA 250 चेन्नई ओपन के महिला युगल फाइनल में हार के चलते उपजेता ट्रॉफी से संतोष करना पड़ा।

स्विट्जरलैंड की सिमोना वाल्टर व नाइमा करामोको की जोड़ी ने 70 मिनट में निर्णीत एकतरफा खिताबी मुकाबले में वैष्णवी व भोसले को 6-2, 6-0 से शिकस्त दी। इस हार के बावजूद पुणे की रहने वालीं दोनों खिलाड़ियों – वैष्णवी व ऋतुजा की उपलब्धि भारतीय महिला टेनिस के लिए यादगार बन गई क्योंकि WTA टूर स्तर की किसी स्पर्धा में पहली बार कोई पूर्ण भारतीय जोड़ी फाइनल तक पहुंची।

स्विस टीम की आक्रामकता का मुकाबला नहीं कर सकी भारतीय जोड़ी

सेंटर कोर्ट पर खेले गए गए खिताबी मुकाबले में भारतीय जोड़ी स्विस टीम की आक्रामकता व बेहतरीन तालमेल का मुकाबला नहीं कर सकी। करामोको ने नेट पर शानदार खेल दिखाते हुए भारतीय खिलाड़ियों को लगातार दबाव में रखा जबकि वाल्टर ने बेसलाइन से दमदार शॉट लगाकर उनका अच्छा साथ दिया। भारतीय जोड़ी की राह उसकी कई सहज गलतियों और अहम मौकों को भुनाने में नाकामी ने भी मुश्किल बना दी।

वाल्टर व करामोको जोड़ी ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया और दूसरे ही गेम में ऋतुजा की सर्विस तोड़ कर अग्रता बना ली। करामोको ने अपनी सर्विस बचाकर टीम को 3-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद वाल्टर ने दो भारतीय खिलाड़ियों के बीच से करारा बैकहैंड विनर लगाया और फिर फोरहैंड शॉट से वैष्णवी को चकमा देते हुए दूसरी ब्रेक हासिल कर लिया।

भारतीय जोड़ी ने पांचवें गेम में वाल्टर की सर्विस तोड़कर खाता जरूर खोला, लेकिन इसके बाद स्विस खिलाड़ियों ने कोई मौका नहीं दिया। करामोको नेट पर लगातार हावी रहीं और वाल्टर ने गलतियां करने से बचते हुए पहला सेट 6-2 से अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट में तो भारतीय जोड़ी अपनी एक भी सर्विस नहीं बचा सकी।

बारिश के चलते एकल फाइनल अब सोमवार को खेला जाएगा

इस बीच सर्वोच्च वरीय इंडोनेशियाई जेनिस जेन व तीसरी सीड पोलैंड की मैग्डा लिनेट के बीच शाम 6.30 बजे से प्रस्तावित महिला एकल फाइनल बारिश के चलते एक दिन आगे सरकाना पड़ा। अब यह मुकाबला सोमवार पूर्वाह्न 11:00 बजे से खेला जाएगा। जेनिस ने पिछले वर्ष चेन्नई ओपन में अपना पहला WTA सिंगल्स खिताब जीता था और ऐसा करने वाली 23 वर्षों में पहली इंडोनेशियाई महिला बनीं थीं।

 

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular