अमेरिका : रिपब्लिकन पार्टी की महिला सांसद जैकी वालोर्स्की और दो कर्मचारियों की मौत सड़क दुर्घटना में मौत

वाशिंगटन, 4 अगस्त। अमेरिकी रिपब्लिकन पार्टी की नेता एवं सांसद जैकी वालोर्स्की और उनके दो कर्मचारियों की कल इंडियाना राज्य में एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। जैकी वालोर्स्की अमेरिकी संसद के निचले सदन प्रतिनिधि सभा में इंडियाना राज्य का प्रतिनिधित्व करती थीं।

संसद के निचले सदन में इंडियाना राज्य का प्रतिनिधित्व करती थीं वालोर्स्की

एल्खर्ट काउंटी शेरिफ कार्यालय ने बताया कि यह दुर्घटना बुधवार अपराह्न करीब 12.30 बजे हुई, जब एक कार राज्य राजमार्ग पर अपनी लेन को पार कर गई और वालोर्स्की की एसयूवी से टकरा गई। अधिकारियों के अनुसार एसयूवी में 58 वर्षीया वालोर्स्की के अलावा उनके दो कर्मचारी भी मौजूद थे। एसयूवी से टकराने वाली कार की महिला चालक की भी इस दुर्घटना में मौत हो गई।

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने जताया शोक

इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन ने जैकी वालोर्स्की के पति, डीन स्विहार्ट और सांसद के दो कर्मचारियों – एम्मा थॉमसन और जाचरी पॉट्स के परिवारों के प्रति दुख और गहरी संवेदना व्यक्त की, जिनकी सार्वजनिक सेवा के दौरान एक कार दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। बाइडेन ने इंडियाना के निवासियों के प्रति भी अपनी संवेदना व्यक्त की, जिन्होंने अपने समुदाय के एक सम्मानित और प्रिय सदस्य को खो दिया।

वालोर्स्की अमेरिकी कांग्रेस की कई समितियों की सदस्य भी रहीं

वालोर्स्की अमेरिकी कांग्रेस की कई समितियों की सदस्य भी रही हैं। वह पहली बार 2012 में इंडियाना राज्य से निर्वाचित हुई थीं। अमेरिकी सांसद के चीफ ऑफ स्टाफ टिम कमिंग्स ने एक बयान में कहा, ‘वह अपने प्रभु ईसा मसीह के पास चली गई हैं। कृपया उनके परिवार के लिए प्रार्थनाएं करें।’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular