अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन कोरोना से संक्रमित, ह्वाइट हाउस ने कहा – कोविड-19 के बेहद मामूली लक्षण

वाशिंगटन, 21 जुलाई। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। ह्वाइट हाउस की प्रेस सचिव करीन ज्यां-पिएर ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उनके अनुसार बाइडेन में कोविड-19 के बेहद मामूली लक्षण हैं और उन्होंने बीमारी की गंभीरता को कम करने के लिए निर्मित एंटीवायरल दवा पैक्सलोविड लेना शुरू कर दिया है।

ह्वाइट हाउस में ही पृथकवास में रहेंगे बाइडेन

प्रेस सचिव ने कहा कि बाइडेन ह्वाइट हाउस में ही पृथकवास में रहेंगे और वहीं से अपने संपूर्ण कर्त्तव्यों का निर्वहन करेंगे। ज्यां-पिएर ने बताया कि 79 वर्षीय बाइडेन ह्वाइट हाउस के सदस्यों के साथ लगातार संपर्क में बने हुए हैं और पूर्वनियोजित अपनी सभी बैठकों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हिस्सा लेंगे।

गौरतलब है कि बाइडेन ने अमेरिका के राष्ट्रपति का पद संभालने से पहले ही फाइजर कम्पनी की कोविड-19 रोधी टीके की दोनों खुराक लगवा ली थीं। इसके बाद बाइडेन ने सितंबर, 2021 में पहली बूस्टर खुराक जबकि मार्च, 2022 में टीके की एक अतिरिक्त खुराक ली थी।

कोरोना वायरस के दिन-प्रतिदिन बदलते हुए स्वरूपों के कारण अमेरिका में करीब ढाई साल के अंतराल के बाद जनजीवन सामान्य करने के प्रयासों के लिए इसे एक नई चुनौती के रूप में देखा जा रहा है। बाइडेन से पहले उपराष्ट्रपति कमला हैरिस समेत ह्वाइट हाउस के कई अधिकारी कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular