1. Home
  2. हिंदी
  3. चुनाव
  4. पीएम मोदी बोले – ‘भारत ने रचा इतिहास, द्रौपदी मुर्मू की रिकॉर्ड जीत हमारे लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत’
पीएम मोदी बोले – ‘भारत ने रचा इतिहास, द्रौपदी मुर्मू की रिकॉर्ड जीत हमारे लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत’

पीएम मोदी बोले – ‘भारत ने रचा इतिहास, द्रौपदी मुर्मू की रिकॉर्ड जीत हमारे लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत’

0
Social Share

नई दिल्ली, 21 जुलाई। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित देशभर के शीर्ष नेताओं ने द्रौपदी मुर्मू को देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर बधाई दी है।

गौरतलब है कि द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को राष्ट्रपति चुनाव के तीसरे राउंड के नतीजों में ही जीत का परचम लहरा दिया। उन्होंने संयुक्त विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को बड़े अंतरों से मात दी। मुर्मू ने तीसरे दौर की मतगणना के अंत में कुल वैध वोटों का 50 फीसदी अंक पार कर लिया। हालांकि उत्तर प्रदेश सहित कुछ अन्य राज्यों की मतगणना तब तक शेष थी।

पीएम नरेंद्र मोदी ने दोपहर बाद भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर उन्हें अग्रिम शुभकामनाएं दीं और फिर देर शाम एक के बाद एक कई ट्वीट के जरिए उन्हें राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर बधाई दी।

प्रधानमंत्री ने ट्वीट में लिखा, भारत ने रचा इतिहास। ऐसे समय में जब 1.3 अरब भारतीय आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं, पूर्वी भारत के एक सुदूर हिस्से में पैदा हुई एक आदिवासी समुदाय की भारत की बेटी को हमारा राष्ट्रपति चुना गया है!’

पीएम मोदी ने अन्य ट्वीट में लिखा, ‘श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी का जीवन, उनके शुरुआती संघर्ष, उनकी समृद्ध सेवा और उनकी अनुकरणीय सफलता प्रत्येक भारतीय को प्रेरित करती है। वह हमारे नागरिकों, विशेष रूप से गरीबों, हाशिए पर रह रहे लोगों और दलितों के लिए आशा की किरण के रूप में उभरी हैं।’

मुर्मू जी आगे बढ़कर नेतृत्व करेंगी और भारत की विकास यात्रा को मजबूत करेंगी

उन्होंने कहा, ‘श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी एक उत्कृष्ट विधायक और मंत्री रही हैं। झारखंड के राज्यपाल के रूप में उनका कार्यकाल शानदार रहा। मुझे विश्वास है कि वह एक उत्कृष्ट राष्ट्रपति होंगी, जो आगे बढ़कर नेतृत्व करेंगी और भारत की विकास यात्रा को मजबूत करेंगी।’

पार्टी लाइन के सभी सांसदों और विधायकों को धन्यवाद दिया

पीएम मोदी ने कहा, ‘मैं पार्टी लाइन के उन सभी सांसदों और विधायकों को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी की उम्मीदवारी का समर्थन किया है। उनकी रिकॉर्ड जीत हमारे लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत है।’

मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने द्रौपदी मुर्मू को भेजे बधाई संदेश में कहा, ‘श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।’

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने ट्वीट में लिखा, ‘श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर हार्दिक बधाई! सार्वजनिक जीवन में उनका व्यापक अनुभव, निःस्वार्थ सेवा की भावना और लोगों के मुद्दों की गहरी समझ से राष्ट्र को बहुत लाभ होगा। सफल कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं!’

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपने बधाई संदेश में लिखा, ‘श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को देश की राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई। जनता की आशाओं और आकांक्षाओं को वाणी देने तथा उनकी समस्याओं के समाधान में आपकी सदैव महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आशा है, आपके कुशल मार्गदर्शन में देशवासी नए भारत के निर्माण में अग्रणी योगदान देंगे।’

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी देर शाम द्रौपदी मुर्मू से भेंटकर उन्हें बधाई दी। शाह ने ट्वीट किया, ‘श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को देश के सर्वोच्च पद पर चुने जाने के ऐतिहासिक क्षण पर उनसे भेंट कर उन्हें बधाई दी। राष्ट्रपति चुनाव में उनकी प्रचंड विजय पर पूरा देश विशेषकर जनजातीय समाज उत्साह व हर्षोल्लास के साथ जश्न मना रहा है।’

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code