लखनऊ, 11 सितंबर। उत्तर प्रदेश शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में फेरबदल करते हुए विभिन्न विभागों और जिलों में 11 अधिकारियों की नई तैनाती की है। जारी स्थानांतरण सूची में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जिलाधिकारी, नगर आयुक्त, मुख्य विकास अधिकारी और विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के नाम शामिल हैं।
लखनऊ विकास प्राधिकरण में भी बदलाव
स्थानांतरण सूची के मुताबिक सुशील प्रताप सिंह को कुल सचिव, भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय एवं अपर निदेशक, संस्कृति निदेशालय के पद से हटाकर सचिव, लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) बनाया गया है। वहीं अतुल कुमार को संयुक्त सचिव, लखनऊ विकास प्राधिकरण से कुल सचिव, भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय एवं अपर निदेशक, संस्कृति निदेशालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गोंडा और झांसी में अधिकारियों की नई तैनाती
राजेश कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी, बदायूं को अपर जिलाधिकारी (नागरिक आपूर्ति), कानपुर नगर बनाया गया है। संजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), गोंडा को उपनिदेशक (प्रशासन), युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल के पद पर तैनाती दी गई है। इसी तरह प्रमोद झा, नगर मजिस्ट्रेट, झांसी को अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), गोंडा बनाया गया है। वहीं योगेश्वर सिंह, उपजिलाधिकारी, कुशीनगर को नगर मजिस्ट्रेट, झांसी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जालौन और बहराइच के जिलाधिकारी बदले
प्रशासनिक फेरबदल के तहत राजेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी, जालौन को जिलाधिकारी, बहराइच बनाया गया है। वहीं समीर, विशेष सचिव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग, उत्तर प्रदेश शासन तथा प्रबंध निदेशक, यूपी डेस्को को जिलाधिकारी, जालौन की जिम्मेदारी दी गई है।
झांसी और बाराबंकी में भी नई जिम्मेदारियां
आकांक्षा राना, नगर आयुक्त, नगर निगम, झांसी को विशेष सचिव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग, उत्तर प्रदेश शासन तथा प्रबंध निदेशक, यूपी डेस्को के पद पर तैनात किया गया है। बी. सूदन, मुख्य विकास अधिकारी, बाराबंकी को नगर आयुक्त, नगर निगम, झांसी बनाया गया है। वहीं पंकज वर्मा, सचिव, मुरादाबाद विकास प्राधिकरण, मुरादाबाद को मुख्य विकास अधिकारी, बाराबंकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस प्रशासनिक फेरबदल के जरिए प्रदेश सरकार ने विभिन्न जिलों और महत्वपूर्ण विभागों में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है।


