1. Home
  2. हिन्दी
  3. चुनाव
  4. दिल्ली चुनाव : टुडेज चाणक्य, सीएनएक्स व एक्सिस माय इंडिया के Exit Polls में भी भाजपा की बड़ी जीत का अनुमान
दिल्ली चुनाव : टुडेज चाणक्य, सीएनएक्स व एक्सिस माय इंडिया के Exit Polls में भी भाजपा की बड़ी जीत का अनुमान

दिल्ली चुनाव : टुडेज चाणक्य, सीएनएक्स व एक्सिस माय इंडिया के Exit Polls में भी भाजपा की बड़ी जीत का अनुमान

0
Social Share

नई दिल्ली, 6 फरवरी। दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम पर बुधवार को मतदान के बाद जारी कई सर्वे एजेंसियों के एग्जिट  पोल्स में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी की हार और भारतीय जनता पार्टी की बड़ी जीत का अनुमान लगाया गया था। हालांकि मतगणना आठ फरवरी को होगी और उसके बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। फिलहाल उससे दो दिन पहले अब टुडेज चाणक्य, सीएनएक्स और एक्सिस माय इंडिया एजेंसी के भी एग्जिट पोल्स सामने आ गए हैं। इन तीनों पोल्स में भी भाजपा को बंपर सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

टुडेज चाणक्य एग्जिट पोल के अनुसार दिल्ली में आम आदमी पार्टी को सिर्फ 13-25 सीटें मिल सकती हैं, जबकि भाजपा को 45-57 सीटें मिलने का अनुमान है। अन्य के खाते में शून्य से लेकर तीन सीटें तक जा सकती हैं।

दूसरी तरफ एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल के अनुसार भाजपा को 45-55 सीटें मिलने का अनुमान है जबकि आम आदमी पार्टी सिर्फ 15-25 सीटों पर ही सिमट सकती है। कांग्रेस को शून्य से एक सीट का अनुमान जताया गया है। सीएनएक्स के एग्जिट पोल के आंकड़े भाजपा को 49-61 सीटें दे रहे हैं जबकि ‘आप’ के खाते में 10-19 सीटें आ सकती हैं।

भाजपा को 49 तो AAP को 41 फीसदी वोट संभव

टुडेज चाणक्य ने अपने एग्जिट पोल में वोट फीसदी के बारे में भी बताया है। दिल्ली में भाजपा को 49 फीसदी वोट मिल सकते हैं जबकि आम आदमी पार्टी को 41 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है। वहीं, दस फीसदी अन्य के खाते में जा सकते हैं। एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल में भाजपा गठबंधन को 48 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है जबकि आम आदमी पार्टी को 42 फीसदी, कांग्रेस को सात और अन्य को तीन फीसदी वोट मिल सकते हैं।

सीएम की रेस में अरविंद केजरीवाल ने बाजी मारी

एक्सिस के सर्वे में दिल्ली के अगले सीएम के सवाल पर अरविंद केजरीवाल ने बाजी मारी। केजरीवाल को सबसे ज्यादा 33 फीसदी लोगों ने पसंद किया जबकि आतिशी को तीन फीसदी मत मिले। भाजपा से परवेश वर्मा को 13 फीसदी लोग दिल्ली के सीएम के रूप में देखना चाहते हैं जबकि मनोज तिवारी को 12 फीसदी वोट मिले।

क्या कहते हैं अन्य एग्जिट पोल्स?

गौरतलब है कि दिल्ली में बुधवार को वोटिंग खत्म होने के बाद ही ज्यादातर एग्जिट पोल्स सामने आ गए थे। चाणक्य स्ट्रैटेजीस के एग्जिट पोल में भाजपा को 39-44, ‘आप’ को 25-28 सीटें मिलने का अनुमान है। मैटराइज ने भाजपा को 35-40, ‘आप’ को 32-37 सीटें दी हैं। जेवीसी ने भाजपा को 39-45, ‘आप’ को 22-31 सीटें दी हैं। पी मार्क्यू एग्जिट पोल के अनुसार भाजपा को 39-49, ‘आप’ को 21-31 सीटें दी गई हैं। पीपुल्स इनसाइट नामक एग्जिट पोल में भी भाजपा की सरकार बनने का दावा किया गया है। भाजपा को दिल्ली में 40-44, ‘आप’ को 25-29 और कांग्रेस को शून्य से एक सीट मिल सकती है।

भाजपा दिल्ली में ढाई दशक से ज्यादा समय से सत्ता से दूर

उल्लेखनीय है कि भाजपा दिल्ली में ढाई दशक से ज्यादा समय से सत्ता से दूर है। पिछले तीन बार से आम आदमी पार्टी सरकार बना रही है। पिछले चुनाव में आम आदमी पार्टी को 62 सीटें मिली थीं और अरविंद केजरीवाल तीसरी बार मुख्यमंत्री बने थे जबकि भाजपा को सिर्फ आठ सीटें ही आई थीं। आम आदमी पार्टी को 53.57 फीसदी तो भाजपा को 38.51 फीसदी वोट मिले थे। वहीं, 2015 के विधानसभा चुनाव में ‘आप’ ने बंपर जीत हासिल करते हुए 70 में से 67 सीटों पर जीत दर्ज की थी। भाजपा को सिर्फ तीन सीटों पर ही जीत मिल सकी थी।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code