आईपीएल-19 : तिलक ने पहले शतकीय प्रहार से MI को दी संजीवनी, घर में गुजरात टाइटंस की 99 रनों से शर्मनाक हार

अहमदाबाद, 20 अप्रैल। टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) में लगातार चार पराजयों से लस्त-पस्त पांच बार के पूर्व चैम्पियन मुंबई इंडियंस (MI) को सोमवार की रात उस वक्त संजीवनी मिली, जब मध्यक्रम बल्लेबाज तिलक वर्मा (नाबाद 101 रन, 45 गेंद, सात छक्के, आठ चौके) ने नाजुक समय में आक्रामक तेवर दिखाते हुए आईपीएल करिअर का पहला शतक ठोक दिया। उसके बाद सत्र का पहला मैच खेल रहे वामहस्त पेसर अश्वनी कुमार (4-24) की अगुआई में मेहमान गेंदबाजों ने गुजरात टाइटंस का पटरा बैठा दिया, जिसे 99 रनों की शर्मनाक पराजय गले लगानी पड़ी।

अश्वनी एंड कम्पनी ने जीटी को 100 रनों पर ही बिखेर दिया

नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी पर बाध्य मुंबई इंडियंस ने कठिन परिस्थियों में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ तिलक व नमन धीर (45 रन, 32 गेंद, एक छक्का, छह चौक) की जिम्मेदाराना पारियों से पांच विकेट पर 199 रन बनाए। जवाब में अश्वनी, अल्लाह एम गज़नफर (2-17), मिचेल सैंटनर (2-16), जसप्रीत बुमराह (1-15) व हार्दिक पंड्या (1-18) की मारक गेंदबाजी के सामने मेजबान टीम 15.5 ओवरों में 100 रनों ही पर बिखर गई।

दूसरी जीत के बाद फिसड्डी से सातवें स्थान पर उछली मुंबइया टीम

गौरतलब है कि सत्र के अपने पहले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स पर जीत के बाद मुंबई इंडियंस को लगातार चार पराजय झेलनी पड़ी थी। खैर, इस दूसरी जीत के सहारे चार अंक लेकर अब उसने खुद पर से फिसड्डी का टैग हटा दिया और उछलकर सातवें स्थान पर पहुंच गया जबकि केकेआर (तीन अंक) एक बार फिर अंतिम स्थान पर जा गिरा। वहीं गुजरात टाइटंस को लगाातार तीन जीत के बाद हार का सामना करना पड़ा और वह छह मैचों में तीसरी हार के बाद छठे स्थान पर है।

तिलक ने अंतिम 6 ओवरों में ठोक दिए रिकॉर्ड 82 रन

मुकाबले की बात करें तो पांचवें क्रम पर उतरे 23 वर्षीय हैदराबादी बल्लेबाज तिलक ने ऐसे वक्त कमान संभाली, जब स्कोर बोर्ड पर 14 ओवरों में चार विकेट पर सिर्फ 103 रन दर्ज थे। उन्होंने आखिरी छह ओवरों में जो 82 रन ठोक दिए, जो IPL की किसी भी पारी के इस दौर में किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया अब तक का सर्वोच्च स्कोर है।

MI के लिए जयसूर्या संग संयुक्त रूप से तीव्रतम शतक पर नाम लिखाया

इसी क्रम में उन्होंने MI के लिए संयुक्त रूप से तीव्रतम शतक बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया, जो IPL के पहले सीजन में सनथ जयसूर्या द्वारा 45 गेंदों पर बनाए गए शतक के बराबर है। सबसे हैरानी की बात यह रही कि तिलक ने यह कारनामा तब किया, जब उन्होंने अपनी पहली 20 गेंदों पर एक भी बाउंड्री नहीं लगाई थी। इस तरह, ऐसी धीमी शुरुआत के बाद यह IPL का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बन गया।

खराब शुरुआत के बाद नमन व तिलक ने संभाली पारी

तिलक के अलावा तीसरे क्रम उतरे नमन धीर भी तारीफ के पात्र हैं, जिन्होंने शायद ज्यादा मुश्किल परिस्थितियों में रन बनाए, जब गुजरात के गेंदबाज पूरी तरह से लय में थे और छठे ओवरों में 44 रनों पर क्विंटन डिकॉक (13 रन 11 गेंद, एक छक्का, एक चौका), चोटिल रोहित शर्मा की जगह एकादश में शामिल दानिश मालेवार (दो रन) व सूर्यकुमार यादव (15 रन, 10 गेंद, एक छक्का, एक चौका) सहित तीन शीर्ष बल्लेबाज कैगिसो रबाडा (3-33) के शिकार बन चुके थे।

तिलक ने पंड्या संग 38 गेंदों पर तोड़ दिए 81 रन

लेकिन तिलक व नमन की मौजूदगी में गुजरात के गेंदबाज अब रणनीति पर कायम नहीं रह पाए और गलतियां करने लगे। नतीजा यह हुआ कि तिलक व नमन ने चौथे विकेट के लिए 40 गेंदों पर 52 रनों की साझेदारी की। फिर प्रसिद्ध कृष्णा ने 13वें ओवर में नमन को लौटाया तो तिलक ने कप्तान हार्दिक पंड्या (15 रन, 16 गेंद, एक चौका) की मौजूदगी में 38 गेंदों पर 81 रन तोड़ दिए।

अंतिम 4 ओवरों में उड़ गए 73 रन

दिलचस्प यह रहा कि अंतिम चार ओवरों में 73 रन उड़ गए। इस क्रम में अंतिम ओवर लेकर आए प्रसिद्ध के खिलाफ तो तिलक ने दो छक्के व दो चौके सहित 22 रन जड़ दिए और आईपीएल करिअर का अपना पहला शतक पूरा करते हुए टीम को 199 रनों पर पहुंचा दिया। टाइटंस की ओर से रबाडा के अलावा मो. सिराज ने 25 व प्रसिद्ध कृष्णा ने 54 रन देकर एक-एक विकेट हासिल किया।

स्कोर कार्ड

तिलक द्वारा गुजरात टाइटंस पर थोपे गए इस अप्रत्याशित दबाव का ही असर था कि जसप्रीत बुमराह ने पारी की पहली ही गेंद पर साई सुदर्शन (शून्य) का विकेट झटक लिया जबकि वह पिछले छह IPL मैचों से कोई विकेट नहीं ले पाए थे। इसके बाद गुजरात टाइटंस के विकेट लगातार गिरते रहे। आखिर में यह सब इतना नाटकीय रहा कि स्थानीय टीम तिलक के 101 रन के स्कोर से भी एक रन पीछे रह गई।

टाइटंस के लिए सिर्फ सुंदर 20 के ऊपर जा सके

टाइटंस की ओर से वॉशिंगटन सुंदर ने सर्वाधिक 26 रन (16 गेंद, पांच चौक) बनाए और उनके अलावा शाहरुख खान (17 रन, 13 गेंद, एक छक्का, एक चौका), कप्तान शुभमन गिल (14 रन, 13 गेंद, तीन चौके) और कगिसो रबाडा (12 रन, 14 गेंद, दो चौके) ही दोहरे अंक में पहुंच पाए।

मंगलवार का मैच : सनराइजर्स हैदराबाद बनाम दिल्ली कैपिटल्स (हैदराबाद, शाम 7.30 बजे)।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular