इजराइल से तनाव के बीच ईरान पहुंचे भारतीय युद्धपोत, दोनों देशों की नौसेनाएं संयुक्त अभ्यास में हिस्सा लेंगी

नई दिल्ली, 4 अक्टूबर। इजराइल के साथ बढ़ते तनाव के बीच भारतीय नौसेना के तीन युद्धपोत ईरान के बंदरगाह शहर बंदर अब्बास पहुंच गए हैं। भारतीय नौसेना ने अपने बेड़े में शामिल इन प्रशिक्षण युद्धपोतों को ईरान भेजा है। ईरानी युद्धपोत जेराह ने भारतीय युद्धपोतों का बंदर अब्बास बंदरगाह पर स्वागत किया। दोनों देशों की नौसेनाएं फारस की खाड़ी में संयुक्त अभ्यास में हिस्सा लेंगी।

ये तीन युद्धपोत पहुंचे बंदर अब्बास

भारत और ईरान का फोकस समुद्री सहयोग बढ़ाने पर है। भारतीय नौसेना ने जानकारी दी कि नौसेना का बेड़ा ईरान के बंदर अब्बास पहुंच गया है। इस बेड़े में आईएनएस तीर, आईएनएस शार्दुल और आईसीजीएस वीरा शामिल हैं। इससे पहले इसी वर्ष मार्च में ईरानी प्रशिक्षण फ्लोटिला जहाज बुशहर और टोनब मुंबई पहुंचे थे। वहीं फरवरी में ईरानी नौसेना के जहाज डेना ने नौसेना अभ्यास मिलन में भी हिस्सा लिया था।

भारत के ईरान और इजराइल दोनों से अच्छे रिश्ते

इजराइल के साथ निकटता और ईरान के साथ अभ्यास को भारत की एक सधी विदेश नीति के रूप में देखा जा रहा है। ईरानी हमले से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बात भी की थी। खास बात यह है कि रूस व यूक्रेन की तरह भारत के इजराइल और ईरान दोनों के साथ अच्छे संबंध हैं। दुनिया में ऐसे बहुत की कम देश हैं, जिनके दोनों पक्षों से रिश्ते बेहतर हैं। भारत ने ईरान के चाबहार पोर्ट पर भारी भरकम निवेश भी कर रखा है।

भारत का साहसिक रणनीतिक कदम

इजराइल के साथ तनाव के बीच ईरान और भारतीय नौसना के अभ्यास को भारत का एक साहसिक रणनीतिक कदम माना जा रहा है। इससे पहले भारत ने पश्चिम देशों की परवाह किए बिना यूक्रेन युद्ध के बीच रूस से कच्चे तेल का आयात जारी रखा। यह तटस्थ भारतीय विदेश नीति का एक बेहतरीन उदाहरण था।

RELATED ARTICLES

Most Popular