मुख्यमंत्री योगी के जनता दरबार में जहर खाकर पहुंचा रिटायर्ड फौजी तो मचा हड़कंप, अस्पताल में भर्ती कराया गया
लखनऊ,21अगस्त। एक तरफ जहां दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सुरक्षा में चूक का मामला गरमाया हुआ है तो वहीं लखनऊ में सीएम योगी के जनता दरबार से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां जनता दरबार में गाजियाबाद का एक शख्स जहर खाकर पहुंच गया। इस शख्स का नाम सतबीर गुर्जर बताया जा रहा है। इस शख्स की उम्र 65 साल है और वह लोनी के सिरौली गांव का रहने वाला है।
सिक्योरिटी स्टाफ के मुताबिक आरोपी शख्स रिटायर्ड फौजी है। जैसे ही जनता दरबार में मौजूद अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों को इस बात भनक लगी कि सतबीर जहर खाकर वहां पहुंचा है, तुरंत सरकारी अमला एक्टिव हो गया। सतबीर को तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सतबीर की हालत नियंत्रण में बताई जा रही है।
- जहर खाने की सूचना मिलते ही सुरक्षाकर्मियों ने पहुंचाया अस्पताल
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह गाजियाबाद के सतबीर गुर्जर मुख्यमंत्री के जनता दरबार पहुंचे और वहां मौजूद लोगों को बताया कि उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया है। जहर खाने की जानकारी मिलते ही जनता दरबार में मौजूद सुरक्षाकर्मियों व अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में सुरक्षा कर्मियों ने मौके पर मौजूद एंबुलेंस की मदद से सतबीर गुर्जर को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टर का कहना है कि प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत अभी खतरे से बाहर है।
- सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए सवाल
घटना के बाद यह सवाल उठ रहे हैं कि मुख्यमंत्री आवास जैसे हाई सिक्योरिटी जोन में जहरीला पदार्थ लेकर कोई व्यक्ति कैसे पहुंच गया। पुलिस की सतर्कता और चेकिंग प्रक्रिया पर भी सवाल उठने लगे हैं। गौतमपल्ली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बयान दर्ज कर जांच शुरू की।शुरुआती जांच में सामने आया कि सतबीर अपनी किसी गंभीर समस्या के समाधान के लिए जनता दरबार पहुंचे थे। पुलिस उनकी समस्या और जहरीला पदार्थ लाने के कारणों की पड़ताल कर रही है। घटना के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा करने के निर्देश जारी किए हैं।
