एशियाई खेल : सुरुचि व कमलजीत ने निशानेबाजी में दिलाया पहला स्वर्ण, छठे दिन भारत के खाते में कुल 6 पदक

नागोया, 25 सितम्बर। सुरुचि सिंह व कमलजीत सिंह ने 20वें एशियाई खेलों (Aichi-Nagoya 2026) की निशानेबाजी में भारतीय दल के स्वर्ण पदक का लंबा इंतजार खत्म किया और शुक्रवार को 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में बाजी मारी। इस स्वर्ण के साथ भारत ने स्पर्धाओं के छठे दिन कुल छह पदक जीते, जिनमें दो रजत व तीन कांस्य भी शामिल हैं।

इन खिलाड़ियों ने भी जीते पदक

निशानेबाजी में स्वर्ण के अलावा पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन टीम भी रजत पदक जीतने में सफल रही तो लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह ने 10,000 मीटर में रजत पदक जीता। वहीं महिला पोल वाल्ट में बारानिका एलांगोवान ने ऐतिहासिक कांस्य दिलाया तो गोला प्रक्षेप में मनप्रीत कौर तीसरे स्थान पर हीं जबकि मिश्रित टेबल टेनिस टीम स्पर्धा में दीया चितले व मानुष शाह ने कांस्य हासिल किया।

पदक तालिका में भारत 12वें स्थान पर  

फिलहाल शुक्रवार की स्पर्धाओं की समाप्ति पर भारत पदक तालिका में 23 पदकों (2+9+12) के साथ 12वें स्थान पर पिछड़ा हुआ है। वहीं अग्रणी चीन स्वर्ण पदकों का शतक पूरा करने से सिर्फ दो पायदान दूर है। उसकी झोली में अब तक कुल 159 पदक (98+37+24) गिर चुके हैं। मेजबान जापान (28+43+44=115) व कोरिया गणराज्य (13+17+34=64) क्रमशः दूसरे व तीसरे स्थान पर बने हुए हैं।

व्यक्तिगत स्पर्धाओं में निराशा के बाद सुरुचि-कमलजीत ने बिखेरी स्वर्णिम आभा

शूटिंग रेंज की बात करें तो कमलजीत और सुरुचि सिंह ने व्यक्तिगत स्पर्धाओं में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद जोरदार वापसी करते हुए 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में भारत को पहला निशानेबाजी स्वर्ण पदक दिलाया। कमलजीत और सुरुचि ने फाइनल में कुल 484.6 अंक हासिल किए। यह स्वर्ण ऐसे समय में मिला, जब 10 मीटर एयर राइफल में पीला तमगा हाथ नहीं लगा और 10 मीटर एयर पिस्टल में व्यक्तिगत, पुरुष और महिला टीम वर्ग में झोली खाली रही।

पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन टीम ने जीता रजत

वहीं ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, रुद्रांक्ष पाटिल और नीरज कुमार की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन टीम 1762 अंक के साथ रजत पदक जीतने में सफल रही। भारतीय तिकड़ी प्रतियोगिता में काफी समय चीन से आगे चल रही थी, लेकिन अंततः दूसरे स्थान पर रही। चीनी टीम सिर्फ चार अंकों के अंतर से स्वर्ण ले उड़ी।

10 हजार मी. दौड़ में गुलवीर ने हांगझू के कांस्य को रजत में बदला

नागोया सिटी मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में जारी ट्रैक व फील्ड मुकाबलों के दूसरे दिन गुलवीर सिंह ने पिछले एशियाई खेलों (हांगझू 2023) के अपने कांस्य को रजत में बदला और 10,000 मीटर दौड़ में 28 मिनट 29.38 सेकेंड का समय निकालकर दूसरे स्थान पर रहे। गुलवीर बहरीन के बिरहानु बालेयू से पीछे रहे जिन्होंने 28:27.51 मिनट का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता।

मनप्रीत को गोला प्रक्षेप में कांस्य, 2023 के बाद पहला अंतरराष्ट्रीय पदक

महिलाओं की गोला प्रक्षेप स्पर्धा में 36 वर्षीय मनप्रीत कौर ने 17.17 मीटर के प्रयास से कांस्य जीता, जो 2023 के बाद उनका पहला अंतरराष्ट्रीय पदक है। पहले दो स्थानों पर चीनी शाटपटर क्रमशः सोंग जियायुआन (19.40 मीटर) व झांग लिनरु (18.14 मीटर) रहीं।

पोल वाल्टर बारानिका ने दिलाया ऐतिहासिक कांस्य

वहीं तमिलनाडु की 29 वर्षीय पोल वाल्टर बारानिका एलांगोवान ने ऐतिहासिक कांस्य पदक जीतकर अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करा लिया। बारानिका ने कजाखस्तान की पोलिना इवानोवा के साथ संयुक्त कांस्य पदक जीता क्योंकि दोनों 4.15 मीटर के सर्वश्रेष्ठ ‘क्लियरेंस’ और 4.25 मीटर पर समान संख्या में असफल प्रयासों के साथ बराबरी पर रहीं।

यह पोल वॉल्ट स्पर्धा में भारत का अब तक का पहला पदक है। जापान की मिसाकी मोरोटा ने 4.55 मीटर के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रयास से स्वर्ण जीता जबकि चीन की चुंगे निउ ने 4.50 मीटर के प्रयास से रजत पदक हासिल किया।

मानुष शाह व दीया चितले ने टेटे मिश्रित युगल में दिलाया कांस्य

टेबल टेनिस स्पर्धा में भी आज भारत को एक कांस्य पदक मिला। यह पदक मिश्रित युगल में मानुष शाह व दीया चितले दिलाया। भारतीय जोड़ी को सेमीफाइनल में चीन की वांग चुकिन और सुन यिंगशा के खिलाफ 8-11, 5-11, 8-11, 2-11 से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन सेमीफाइनल में पहुंचने के कारण उनका कांस्य पदक पक्का हो गया था। एशियाई खेलों के मिश्रित युगल टेबल टेनिस में भारत को दूसरी बार पदक मिला। इससे पहले 2018 जकार्ता एशियाई खेलों में शरत कमल व मनिका बत्रा ने कांस्य पदक जीता था।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular