1. Home
  2. कारोबार
  3. शेयर बाजार की जबर्दस्त छलांग, सेंसेक्स 889 अंक चढ़ा, निफ्टी 24250 के पार
शेयर बाजार की जबर्दस्त छलांग, सेंसेक्स 889 अंक चढ़ा, निफ्टी 24250 के पार

शेयर बाजार की जबर्दस्त छलांग, सेंसेक्स 889 अंक चढ़ा, निफ्टी 24250 के पार

0
Social Share

मुंबई, 29 जुलाई। पिछली शाम मामूली गिरावट देखने वाले भारतीय शेयर बाजार ने कारोबारी सप्ताह में दूसरी बार जबर्दस्त छलांग लगाई और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) कम्पनियों व एचडीएफसी बैंक के शेयरों में अच्छी लिवाली से बुधवार को दोनों मानक सूचकांक मजबूत बढ़त के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 889 अंक चढ़ने के साथ जहां 77,650 के पार चला गया वहीं एनएसई निफ्टी 265 अंकों की मजबूती से 24,250 पर रुका।

सेंसेक्स 1.16% चढ़कर 77,654.60 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 888.68 अंक यानी 1.16 प्रतिशत चढ़कर 77,654.60 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 999.57 अंक चढ़कर 77,765.49 अंक तक पहुंच गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 25 के शेयर लाभ में रहे तो पांच में गिरावट दर्ज की गई।

निफ्टी 264.85 अंकों की बढ़त से 24,250.20 पर बंद

वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित निफ्टी 264.85 अंक यानी 1.10 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,250.20 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 38 के स्टॉक मजबूत हुए तो 12 कमजोर रहे।

हिन्दुस्तान यूनिलीवर के शेयर सबसे अधिक 4.70% चढ़े

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में हिन्दुस्तान यूनिलीवर का शेयर सबसे अधिक 4.70 प्रतिशत चढ़ा जबकि इन्फोसिस में 4.50 प्रतिशत की तेजी रही। वहीं ट्रेंट, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा स्टील, भारती एयरटेल, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), एचसीएल टेक और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी बढ़त के साथ बंद हुए। दूसरी ओर अदाणी पोर्ट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, पावर ग्रिड, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और एनटीपीसी के शेयरों में गिरावट रही।

एफआईआई ने 755.33 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 755.33 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इससे बाजार धारणा को मजबूती मिली। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 3.79 प्रतिशत बढ़कर 87.28 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code