1. Home
  2. धर्म-संस्कृति
  3. श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में सावन को लेकर तैयारियां पूरी, एक करोड़ श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में सावन को लेकर तैयारियां पूरी, एक करोड़ श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद

श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में सावन को लेकर तैयारियां पूरी, एक करोड़ श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद

0
Social Share

वाराणसी, 29 जुलाई। धार्मिक नगरी वाराणसी स्थिति श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में श्रावण मास और कांवड़ की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) विश्वभूषण मिश्र ने सावन में श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में लगभग 1 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद जताई है।

CEO विश्वभूषण मिश्र बोले – श्रद्धालुओं के लिए की गई हैं विशेष व्यवस्थाएं

विश्वभूषण मिश्र ने सावन की तैयारियों के संदर्भ में एक विशेष बातचीत के दौरान कहा, ‘श्री काशी विश्वनाथ धाम में सावन के महीने में श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं के स्वागत और सुरक्षा के साथ-साथ उनके दर्शन को सुगम और सुविधाजनक बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। हमारे स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) के अनुसार, श्रद्धालुओं के लिए जिग-जैग कतार व्यवस्था, छायादार जगह, ग्लूकोज-पानी की सुविधा और बारिश से बचाव जैसे इंतजाम किए गए हैं।’

यदि भीड़ कम होगी तो काशी द्वार का संचालन शुरू किया जाएगा

उन्होंने बताया कि सावन के पहले और प्रत्येक सोमवार को श्रद्धालुओं पर फूल वर्षा की जाती है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए सभी प्रकार के अनुरोध और प्रोटोकॉल दर्शन और काशी द्वार फिलहाल अभी प्रतिबंधित किया गया है। यह कदम भीड़ को देखते हुए उठाया गया है। अगर भीड़ कम होगी तो काशी द्वार का संचालन शुरू किया जाएगा।

बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं से प्लास्टिक में कांवड़ का जल न लाने की अपील

सीईओ ने बताया कि श्रीकाशी विश्वनाथ के सभी सोशल मीडिया हैंडल पर श्रद्धालु लाइव दर्शन कर सकेंगे। विगत वर्षों में यहां एक करोड़ 65-70 लाख श्रद्धालु काशी विश्वनाथ में दर्शन-पूजन करने पहुंचते हैं। इस बार 80 लाख से 1 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा, काशी धाम में पॉलीथिन पूरी तरह बैन है, जिसका स्थानीय लोग पूर्णतः पालन कर रहे हैं। इसलिए बाहर से आने वाले श्रद्धालु प्लास्टिक में कांवड़ का जल लेकर न आएं।

 

इस बीच गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर वाराणसी में सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा घाटों पर पहुंचे और आस्था की डुबकी लगाई। भक्तों ने गंगा स्नान के बाद पूजा-अर्चना, मंत्रोच्चारण और धार्मिक अनुष्ठान किए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें तैनात रहीं।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code