शेयर बाजार में गिरावट का क्रम जारी, सेंसेक्स 72500 से नीचे खिसका, निफ्टी 96 अंक कमजोर

मुंबई, 30 सितम्बर। कमजोर वैश्विक रुख के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी, ऊंचे वैश्विक बॉण्ड प्रतिफल व विदेशी पूंजी की निकासी से निवेशकों में व्याप्त चिंता के बीच भारतीय शेयर बाजार ने बुधवार को भी काफी उतार-चढ़ाव देखा और अंत में दोनों मानक सूचकांक लगातार तीसरे दिन गिरावट के साथ बंद हुए। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स मध्याह्न के समय अर्जित अच्छी बढ़त खोने के बाद 49 अंकों की कमजोरी से जहां 42,500 के नीचे चला गया वहीं एनएसई निफ्टी 96 अंक टूटा।

सेंसेक्स 48.78 अंक टूटकर 72,480.29 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स दिन के अंत में हुई बिकवाली के कारण 48.78 अंक यानी 0.07 प्रतिशत टूटकर 72,480.29 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह एक समय 533.16 अंक यानी 0.73 प्रतिशत बढ़कर 73,062.23 अंक तक जा पहुंचा था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 13 के स्टॉक लाभ में रहे तो 17 में कमजोरी रही।

निफ्टी 95.75 अंक फिसलकर 22,620.45 पर बंद

वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 95.75 अंक यानी 0.42 प्रतिशत फिसलकर 22,620.45 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सूचकांक ने एक समय 93 अंकों की बढ़त से 22,809.35 पर दिन का उच्चतम स्तर भी देखा। दिनभर में सूचकांक ने 214 अंकों का उतार-चढ़ाव देखा। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 17 के शेयर हरे निशान पर रुके तो 32 में गिरावट दर्ज की गई।

इटर्नल में सबसे ज्यादा 2.31 फीसदी गिरावट

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में इटर्नल का स्टॉक सबसे ज्यादा 2.31 फीसदी गिरा। सन फार्मा, टाइटन, अदाणी पोर्ट्स, टाटा स्टील और एचडीएफसी बैंक के शेयर सबसे अधिक गिरावट में रहे। वहीं कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, इंटरग्लोब एविएशन और एक्सिस बैंक के शेयर में तेजी दर्ज की गई।

एफआईआई ने 9,980.22 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 9,980.22 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। वहीं अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 0.54 प्रतिशत बढ़कर 103.1 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular