मुंबई, 30 जुलाई। दिनभर उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद अंतिम घंटे में लिवाली से घरेलू शेयर बाजार गुरुवार को लगातार दूसरे दिन सकारात्मक रहा और दोनों मानक सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए। रिलायंस इंडस्ट्रीज व एचडीएफसी बैंक जैसी प्रमुख कम्पनियों के शेयरों में लिवाली और विदेशी पूंजी के प्रवाह से बीएसई सेंसेक्स ने 274 अंक चढ़ा जबकि एनएसई निफ्टी 67 अंकों की मजबूती से 24,300 के ऊपर जाकर ठहरा।
आईटी शेयरों में 5 दिनों की रैली कमजोर पड़ी
हालांकि लगातार पांच सत्रों में रैली देखने वाली सूचना प्रौद्योगिकी कम्पनियों (IT) के शेयरों में अंतिम कुछ घंटों में बिकवाली देखने को मिली और टीसीएस व इन्फोसिस सरीखे शेयरों ने शुरुआती घंटों में अर्जित बढ़त खो दी।
सेंसेक्स 273.55 अंकों की बढ़त से 77,928.15 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 273.55 अंक यानी 0.35 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,928.15 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 78,000 का स्तर पार करते हुए 78,007.09 पर उच्चस्तर देखा और 77,440.91 अंक के निचले स्तर तक आया। इस दौरान सूचकांक में 566.18 अंक का उतार-चढ़ाव आया। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 14 के शेयर हरे निशान पर रहे तो 16 में गिरावट दर्ज की गई।
निफ्टी 66.95 अंक बढ़कर 24,317.15 पर बंद
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी 66.95 अंक यानी 0.28 प्रतिशत बढ़कर 24,317.15 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 24 के शेयर लाभ में रहे तो 26 में कमजोरी रही।
बेंचमार्क इंडेक्स के विपरीत व्यापक बाजार में छोटी कम्पनियों से जुड़ा बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.66 प्रतिशत और मझोली कम्पनियों से संबंधित मिडकैप 0.36 प्रतिशत टूटा।
मारुति सुजुकी के स्टॉक सर्वाधिक 1.77 फीसदी चढ़े
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में मारुति सुजुकी के स्टॉक सर्वाधिक 1.77 फीसदी चढ़े। महिंद्रा एंड महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक और पावर ग्रिड के शेयर भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। इसके विपरीत अदाणी पोर्ट्स, इंटरग्लोब एविएशन, बजाज फिनसर्व और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर नुकसान में रहे।
एफआईआई ने शुद्ध रूप से 2,981.87 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को शुद्ध रूप से 2,981.87 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। दूसरी तरफ वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.45 प्रतिशत बढ़कर 91.15 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

