Stock Market : शांति वार्ता की उम्मीद में चढ़े शेयर बाजार, सेंसेक्स 414 अंक पार

मुंबई, 21 मई। अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता की उम्मीद में घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को लिवाली देखी गयी। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 414.03 अंक की बढ़त के साथ 75,732.42 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 376.87 अंक (0.50 प्रतिशत) ऊपर 75,695.26 अंक पर था। अमेरिका के हालिया बयानों से निवेशकों में उम्मीद जगी है कि ईरान के साथ शांति वार्ता फिर से शुरू हो सकती है।

इससे बाजार में चौतरफा तेजी देखी गयी। धातु, ऑटो, बैंकिंग, मीडिया और रियलटी सेक्टरों में ज्यादा लिवाली ज्यादा हो रही है। रुपये में आयी मजबूती से भी शेयर बाजार को समर्थन मिला। रुपया फिलहाल ऐतिहासिक निचले स्तर से उबरता हुआ 52 पैसे ऊपर 96.34 रुपये प्रति डॉलर पर है। पिछले कारोबारी दिवस पर यह 96.86 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 171.05 अंक चढ़कर 23,830.05 अंक पर खुला।

खबर लिखे जाते समय यह 144.45 अंक यानी 0.61 प्रतिशत की मजबूती के साथ 23,803.45 अंक पर रहा। सेंसेक्स की कंपनियों में इंडिगो का शेयर तीन प्रतिशत और बीईएल का करीब ढाई प्रतिशत ऊपर है। एशियन पेंट्स, इटरनल, पावरग्रिड, अडानी पोर्ट्स, टाटा स्टील, एलएंडटी और एक्सिस बैंक के शेयर एक प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त में हैं। बजाज फाइनेंस, इंफोसिस, टाइटन और टीसीएस के शेयर फिलहाल नीचे चल रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular